देश ने पहली बार गरीब कल्याण और विकास को चरितार्थ होते देखा: पटेल

 


संसदीय कार्य मंत्री ने मुख्यमंत्री जन आवास योजना के 110 आवंटियों को सौंपी आवास की चाबी

जोधपुर, 13 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत गृह गौरव: खुशियों की चाबी कार्यक्रम शनिवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में 110 आवंटियों को आवास की चाबी सौंपी गई।

इस दौरान पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल के इन 12 वर्षों में देश ने पहली बार गरीब कल्याण और अभूतपूर्व विकास को समांतर रूप से चरितार्थ होते देखा है। उन्होंने कहा जब नेतृत्व की नीयत साफ हो, लक्ष्य राष्ट्रहित हो और समर्पण पूर्ण हो, तभी ऐसे परिवर्तन संभव होते हैं। संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सभी के लिए आवास का स्वप्न साकार हो रहा हैं।

अब तक 4 करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कार्य पूरा हो चुका हैं। सितंबर 2024 में शुरू की गई पीएमएवाई-यू 2.0 का लक्ष्य 2028-29 तक एक करोड़ अतिरिक्त पात्र शहरी लाभार्थियों को सहायता प्रदान करना है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के संवेदनशील नेतृत्व में दो साल के कार्यकाल में राजस्थान में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत नवीन 48 हज़ार आवास स्वीकृत किए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अन्तर्गत दो वर्षों में 7.16 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं।

विधि मंत्री ने कहा कि अपना घर होना हर व्यक्ति का सबसे बड़ा सपना होता है। मुख्यमंत्री जन आवास योजना के माध्यम से हम न केवल ईंट-पत्थर का मकान दे रहे हैं, बल्कि सम्मानजनक जीवन जीने का आधार प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा ग्राम बड़ली में निर्मित यह प्रोजेक्ट आधुनिक शहरी सुविधाओं से युक्त है, जहां निवासियों को गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया गया है।कार्यक्रम में जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी, जेडीए सचिव चंचल वर्मा, उपायुक्त वीरेंद्र सिंह भाटी व रामजी भाई कलबी, छोटू सिंह राठौड़, खींवराज जांगिड, गोविंद टाक सहित जनप्रतिनिधि और लाभार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश