जयपुर में जुटेगा देशभर का हेयर-ब्यूटी उद्योग: 6 अक्टूबर को जेईसीसी में होगा महासम्मेलन

 


जयपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। देश के हेयर, ब्यूटी और सैलून उद्योग को एक साझा राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से 6 अक्टूबर को जेईसीसी, सीतापुरा में इंडियन हेयर एंड ब्यूटी कॉन्फ्रेंस (आईएचबीसी) 2026 का आयोजन होगा। हेयर एंड ब्यूटी फेडरेशन इंडिया (एचबीएफ इंडिया) की ओर से केटी के सहयोग से आयोजित सम्मेलन में देशभर से करीब 5 हजार सैलून मालिक, हेयर एवं ब्यूटी प्रोफेशनल्स, आर्टिस्ट्स, उद्यमी और उद्योग प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्घाटन राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे करेंगे।

सम्मेलन में हेयर, ब्यूटी, मेकअप, नेल्स, वेलनेस, त्वचा देखभाल और प्रसाधन सामग्री क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि एक मंच पर आएंगे। आयोजकों के अनुसार यह क्षेत्र प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 1.5 करोड़ लोगों से जुड़ा है। सम्मेलन में उद्योग की समस्याओं, कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा, प्रशिक्षित कर्मचारियों की उपलब्धता, बढ़ती लागत, नकली उत्पादों, सामाजिक सुरक्षा और सरकारी योजनाओं तक पहुंच जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

भारत सरकार के राष्ट्रीय महिला आयोग के उप निदेशक राम अवतार सिंह भी सम्मेलन में शामिल होंगे। वे सौंदर्य एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रोफेशनल्स, उद्यमियों और महिला नेतृत्व वाले व्यवसायों के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं और अवसरों पर संवाद करेंगे।

एचबीएफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक पालीवाल और महासचिव निर्मल रंधावा ने बताया कि शिक्षा और कौशल विकास सम्मेलन के प्रमुख विषय होंगे। फेडरेशन सैलून प्रोफेशनल्स को नकली एवं डुप्लीकेट प्रसाधन सामग्री से बचाव, स्वच्छता और सुरक्षा मानकों, सैलून में सीसीटीवी व्यवस्था, कर्मचारियों के साप्ताहिक अवकाश और व्यावसायिक प्रशिक्षण के प्रति जागरूक करने पर भी काम करेगा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर के हेयर विशेषज्ञ और ब्रिटिश हेयरड्रेसिंग पुरस्कार विजेता डेसमंड मरे विशेष व्यावसायिक सत्र में आधुनिक हेयर कटिंग, हेयर स्टाइलिंग और हेयर आर्टिस्ट्री की तकनीकों का लाइव प्रदर्शन करेंगे। इसका उद्देश्य भारतीय सैलून प्रोफेशनल्स को अंतरराष्ट्रीय तकनीकों और नए रुझानों से परिचित कराना है।

फेडरेशन सैलून समुदाय को सामाजिक अभियानों से जोड़ने की योजना पर भी काम कर रहा है। कैंसर प्रभावित महिलाओं के लिए 12 इंच बाल दान करने को प्रोत्साहित करने सहित सामाजिक भागीदारी के कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

सम्मेलन के समापन पर बॉलीवुड शैली का समारोह और पुरस्कार वितरण होगा। इसमें सैलून प्रोफेशनल्स, कलाकारों, प्रशिक्षकों और उद्यमियों के योगदान को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में 250 प्रतिभागियों के लिए विशेष लकी ड्रॉ भी होगा, जिसमें प्रत्येक विजेता को 10 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश