छोटी काशी में रहेगी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की धूम
जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। छोटी काशी जयपुर में सिख धर्म के संस्थापक प्रथम पातशाह गुरु नानक देव जी का पावन प्रकाश पर्व मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के प्रमुख गुरुद्वारों—वैशाली नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार और राजापार्क स्थित गुरुद्वारा साहिब—को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है। दोनों गुरुद्वारों में दिनभर विशेष कीर्तन दीवान, गुरुवाणी पाठ और अटूट लंगर के आयोजन होंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में संगत मत्था टेककर सुख-समृद्धि की अरदास करेगी। वहीं, राजापार्क गुरुद्वारे में होने वाले कार्यक्रमों के मद्देनजर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है।
वैशाली नगर गुरुद्वारे में सुबह 7 से रात 10 बजे तक सजेगा कीर्तन दीवान
वैशाली नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार के प्रधान सरदार सर्वजीत सिंह मखीजा ने बताया कि प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर रविवार को विशेष दीवान सजाया गया। इसकी शुरुआत रहिरास साहिब के पाठ से हुई। इसके बाद भाई कमलजीत सिंह पाऊंटा साहिब वाले और श्री दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी भाई सतिंदरपाल सिंह ने 'हऊ पापी तू बख्शण हार' शबद का गायन कर संगत को निहाल किया।
मुख्य पर्व पर मंगलवार को सुबह 7 से रात 10 बजे तक निरंतर कीर्तन दीवान सजेगा। इसकी शुरुआत सुबह 7 से 9 बजे तक भाई सतिंदरपाल सिंह द्वारा 'आसा दी वार' के पाठ से होगी। इसके बाद भाई जगतार सिंह लुधियाना वाले, ज्ञानी निर्मल सिंह धूलकोट वाले, ज्ञानी दविंदर सिंह, हजूरी रागी भाई जसविंदर सिंह और स्त्री सत्संग जत्थे द्वारा शबद-कीर्तन किया जाएगा। पूरे दिन गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा।
राजापार्क गुरुद्वारे में विशेष दीवान के साथ होगा दीपोत्सव
इसी क्रम में राजापार्क स्थित गुरुद्वारा साहिब में भी प्रकाश पर्व पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। यहां सुबह अखंड पाठ साहिब के भोग के पश्चात विशेष कीर्तन दीवान सजाया जाएगा। इसमें बाहर से आए प्रसिद्ध रागी जत्थे और स्थानीय कीर्तनी जत्थे गुरु नानक देव जी की महिमा का गुणगान करेंगे। दोपहर में गुरु का विशाल लंगर आयोजित होगा। वहीं, शाम को पूरे गुरुद्वारा परिसर में भव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा।
गुरुनानक जयंती पर शहर में रहेगी विशेष यातायात व्यवस्था
गुरुनानक जयंती पर मंगलवार को राजापार्क स्थित गुरुद्वारे में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष यातायात योजना जारी की है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के मद्देनजर सामान्य यातायात के साथ बसों के संचालन में भी आवश्यकतानुसार बदलाव किया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रवीण नायक नूनावत के अनुसार, त्रिमूर्ति सर्किल से गुरुद्वारा मोड़ की ओर जाने वाले वाहनों को राजापार्क चौराहे से पैरामेडिकल और गोलचक्कर पार्क सर्किल की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन चालक मुक्ति मार्ग, आदर्श नगर रोड और शांति मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
इसी प्रकार गुरुद्वारा मोड़ से त्रिमूर्ति सर्किल की ओर आने वाले वाहनों को कुशाल बेकरी (गोविंद मार्ग) से पंचवटी सर्किल की तरफ भेजा जाएगा। वाहन चालक क्षेमचंद मार्ग, विद्यालय मार्ग, विजय पथ और शांति पथ से होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
यातायात का दबाव अधिक होने पर त्रिमूर्ति सर्किल से वाहनों को जवाहरलाल नेहरू मार्ग की ओर डायवर्ट किया जा सकेगा। वहीं, गुरुद्वारा मोड़ से घाटगेट की ओर जाने वाले यातायात को आवश्यकतानुसार रोटरी सर्किल से जवाहर नगर बाईपास की तरफ भेजा जाएगा।
आगरा और दिल्ली रोड से आने वाली बसों के बदले जाएंगे मार्ग
आगरा रोड से सिंधी कैंप जाने वाली बसों को गोनेर तिराहा से खो-नागोरियान रोड, सीबीआई फाटक, हनुमान तिराहा, जवाहर सर्किल और पुराने बाईपास क्लोवर लीफ से टोंक रोड होकर भेजा जाएगा। वहीं, दिल्ली रोड से सिंधी कैंप आने वाली बसें टीपी नगर पुलिया, रोटरी सर्किल, जवाहर नगर बाईपास, रॉयल्टी तिराहा, केवी-03 तिराहा, ओटीएस चौराहा और गोपालपुरा पुलिया से टोंक रोड होकर गुजरेंगी।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों का आवागमन निर्बाध रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि यातायात संबंधी असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक और समानांतर मार्गों का उपयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश