गुप्त वृन्दावन धाम में धूमधाम से होगा ‘यशोदानंदन का अभिनंदन’

 


जयपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। जगतपुरा स्थित गुप्त वृन्दावन धाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के स्वागत के लिए मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया है। मंदिर में दिनभर हरे कृष्ण महामंत्र का जाप और कीर्तन होगा।

गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना दास के अनुसार जन्माष्टमी पर दिन भर में चार विशेष अभिषेक होंगे। प्रातः 6.30 बजे, 11 बजे, शाम 4.30 बजे और रात 10 बजे अभिषेक का आयोजन किया जाएगा। भगवान का पंचामृत से महाभिषेक कर 108 विशेष व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा। मध्य रात्रि 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर महाआरती होगी।

इस अवसर पर कृष्ण-बलराम विशेष मखमली पोशाक धारण करेंगे। यह पोशाक वृन्दावन के कारीगरों ने विशेष आरी-तारी वर्क से तैयार की है। जन्माष्टमी महोत्सव की शुरुआत सुबह मंगला आरती से होगी और मध्यरात्रि की महाआरती के साथ इसका समापन होगा।

गुप्त वृन्दावन धाम में इस बार दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष दर्शन पंक्तियां, बैरिकेडिंग और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मंदिर में सीसीटीवी कैमरे और मेटल डिटेक्टर युक्त प्रवेश द्वार लगाए गए हैं। सुरक्षा जांच के बाद ही श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा पेयजल, प्रसाद और यातायात प्रबंधन की भी व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन मिल सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश