गुप्त वृंदावन धाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्निवल का भव्य शुभारंभ
जयपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। जगतपुरा स्थित गुप्त वृंदावन धाम में शनिवार को तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्निवल का भव्य शुभारंभ हुआ। वृंदावन गार्डन पंडाल में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल कृष्णमय हो गया।
इस कार्यक्रम में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित सुनीता गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। ऑनलाइन गीता मंत्र चैंटिंग के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज करा चुकी सुनीता गुप्ता प्रशिक्षित योग एवं हॉर्टिकल्चर विशेषज्ञ हैं और पिछले कई वर्षों से गुप्त वृंदावन धाम से जुड़ी हुई हैं।
कार्निवल में नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण, यशोदा मैया और नंद बाबा के स्वरूप में सजकर पहुंचे। लक्ष्मिता, अनुष्का, सारिका, आरव, दर्शना, लसीका, नित्या, कृष्णा, चैतन्य, प्रियांशी और मान्या सहित बाल कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चारण, हरिनाम संकीर्तन और संगीतमयी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान पंडाल में उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्निवल के दूसरे दिन 30 अगस्त को राजस्थान की प्रसिद्ध फूलों की होली टीम की विशेष प्रस्तुति होगी। इसके अलावा ऋतु शर्मा का भरतनाट्यम और नन्हे बाल कलाकारों का रॉक बैंड भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
वहीं 31 अगस्त को भरतनाट्यम, कीर्तन, भजन और मंत्रोच्चारण के साथ तीन दिवसीय कार्निवल का समापन होगा।
आयोजकों के अनुसार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्निवल 31 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से वृंदावन गार्डन पंडाल में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश