देवशयनी एकादशी पर गोविंद देवजी मंदिर में रहेगी विशेष दर्शन व्यवस्था

 


जयपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। देवशयनी एकादशी के अवसर पर शनिवार को श्री गोविंद देवजी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष दर्शन व्यवस्था लागू की है। निर्जला एकादशी की तर्ज पर इस बार भी श्रद्धालुओं को चलते-चलते दर्शन कराए जाएंगे, ताकि सभी भक्त सुरक्षित और सुगमता से ठाकुर श्रीजी के दर्शन कर सकें।

मंदिर प्रशासन के अनुसार श्रद्धालुओं का प्रवेश जूते-चप्पल बाहर उतारने के बाद बैरिकेड्स के माध्यम से कराया जाएगा। दर्शन के दौरान किसी भी श्रद्धालु को रुकने की अनुमति नहीं होगी तथा सभी को लगातार चलते हुए दर्शन करने होंगे। मंदिर के अंदर किसी प्रकार की विशेष या अलग व्यवस्था नहीं रहेगी और दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को निर्धारित निकास मार्ग से बाहर भेजा जाएगा।

प्रशासन ने बताया कि यह विशेष व्यवस्था मंगला झांकी से शयन झांकी तक प्रभावी रहेगी। श्रद्धालुओं से भीड़ के दौरान धैर्य बनाए रखने, धक्का-मुक्की से बचने और पुलिस व स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। साथ ही बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों की सहायता करने तथा सुरक्षा की दृष्टि से बैग, बेल्ट, लेदर पर्स, नुकीली वस्तुएं एवं अन्य अनावश्यक सामान मंदिर परिसर में नहीं लाने का आग्रह किया गया है।

देवशयनी पूजन सायं 4:45 बजे से 5:35 बजे तक होगा। इस दौरान ठाकुर श्रीजी के दर्शन पट बंद रहेंगे। इसके बाद संध्या और शयन झांकी के दर्शन निर्धारित समय अनुसार होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश