राज्यपाल ने सहकारिता की भूमिका को बताया अहम

 




जयपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने गुरुवार को जालोर में जालोर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के नवनिर्मित प्रधान कार्यालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उन्होंने सहकारी संस्थाओं की भूमिका को आमजन के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारी बैंक छोटे उद्यमियों, किसानों, मजदूरों और फल-सब्जी व्यापारियों को वित्तीय सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इससे गरीब और मध्यम वर्ग को स्वरोजगार के अवसर मिलते हैं और यही सहकारिता का मूल उद्देश्य है सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना।

हरिभाऊ बागडे ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कृषि और डेयरी क्षेत्र में सहकारी संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और कर्मठता के साथ कार्य करते हुए इन संस्थानों को अधिक से अधिक लोगों को अपनी योजनाओं से जोड़ना चाहिए, ताकि वंचित वर्ग को भी लाभ मिल सके।

राज्यपाल ने केंद्र सरकार की जन-धन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2014 से अब तक देशभर में करोड़ों नए बैंक खाते खोले गए हैं, जिससे आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके खातों में मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि देश वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे कदम इस दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

साथ ही उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और भारतीय संस्कृति से जुड़कर सहकारिता की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया।

राज्यपाल ने कहा कि राजस्थान में सहकारिता के माध्यम से डेयरी क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुआ है, जिसके कारण राज्य दुग्ध उत्पादन में अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। समारोह में उपस्थित लोगों ने बैंक के नए भवन के उद्घाटन को क्षेत्र के आर्थिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित