राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक, टीबी मुक्त और नशा मुक्त अभियान के साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर दिया जोर
अलवर, 14 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने आज अलवर के मिनी सचिवालय स्थित कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले को टीबी मुक्त एवं नशा मुक्त बनाने के साथ ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार के विषय पर विस्तार से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान राज्यपाल ने टीबी उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने तथा नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा की।
इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने जिले में टीबी मुक्त अभियान, नशा मुक्ति तथा शिक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर प्रजेंटेशन दिया। उन्होंने राज्यपाल द्वारा बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित कराने का विश्वास दिलाया।
बैठक में अतिरिक्त जिलाध्यक्ष कलेक्टर योगेश डागुर, एडीशनल एसपी दीपक शर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार