शादी के 11 महीने बाद सरकारी शिक्षक की पत्नी की मौत, सुसाइड नोट से जांच में नया मोड़

 


जयपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। मृतका की पहचान सुकीर्ति यादव के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 11 महीने पहले सरकारी शिक्षक प्रशांत यादव से हुई थी। पुलिस को महिला के कमरे से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें वैवाहिक जीवन में उत्पन्न विवाद और मानसिक परेशानी का जिक्र किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार रात में परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। इसी दौरान सुकीर्ति की बहन अंजली किसी काम से उठी तो उसने सुकीर्ति को कमरे में गंभीर हालत में पाया। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया।

सुकीर्ति और उसकी बहन अंजली की शादी करीब 11 महीने पहले एक ही परिवार के दो भाइयों से हुई थी।

सुकीर्ति के पति प्रशांत यादव गोविंदगढ़ क्षेत्र में सरकारी शिक्षक बताए गए हैं और वर्तमान में छुट्टियों के कारण घर पर थे। मृतका के पिता राकेश यादव ने पुलिस को दी शिकायत में ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को परेशान किया जा रहा था और दहेज में स्कॉर्पियो की मांग की जा रही थी। पिता के अनुसार परिवार की ओर से कई बार आर्थिक मदद भी की गई, लेकिन कथित मांगें जारी रहीं।

पुलिस के अनुसार कमरे से मिले कथित सुसाइड नोट में महिला ने अपने वैवाहिक जीवन में पैदा हुए संदेह और विवाद को लेकर अपनी परेशानी व्यक्त की है।

नोट की वास्तविकता, उसकी लिखावट और उसमें दर्ज बातों की परिस्थितियों के साथ जांच की जा रही है।

सीओ आशिमा वासवानी के अनुसार पुलिस को तड़के करीब चार बजे घटना की सूचना मिली थी। शव को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों सहित सभी पहलुओं को जांच में शामिल कर रही है।

फिलहाल मृतका के पिता द्वारा लगाए गए दहेज प्रताड़ना के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित