निजी बस और ट्रक की भीषण टक्कर में सरकारी शिक्षक व बस कंडक्टर की मौत, 10 यात्री घायल
जालोर, 26 जुलाई (हि.स.)। जिले के सांचौर-डीसा नेशनल हाईवे पर रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक सरकारी शिक्षक और निजी बस के कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि 10 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सांचौर के सरकारी एवं निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार हादसा रविवार को सांचौर से करीब 15 किलोमीटर दूर पलादर सरहद क्षेत्र में पीर की जाल के पास हुआ। बाड़मेर के बेड़िया से गुजरात के पालनपुर जा रही निजी यात्री बस सांचौर से सवारियां लेकर आगे बढ़ी थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। इसी दौरान हल्की बारिश के बीच सामने से गुजरात की ओर से बाड़मेर जा रहे एक ट्रक से बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर पुलिस एवं एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सांचौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बाद में क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल हंजाराम मेघवाल (53) निवासी शिवपुरा होथीगांव सांचौर तथा बस कंडक्टर मारू खाना (38) निवासी पांति का निवान, सेड़वा (बाड़मेर) की उपचार के दौरान मौत हो गई। हंजाराम मेघवाल सांचौर के निकट दूठवा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। बताया गया कि वह रविवार को अपनी बहन की दवा लेने के लिए गुजरात जा रहे थे।
घटना में घायल अन्य 10 यात्रियों का उपचार जारी है। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि छह यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं।
सांचौर थाना प्रभारी नैनाराम चौधरी ने बताया कि दुर्घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक, खलासी और बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर बारिश के दौरान तेज रफ्तार और सड़क की परिस्थितियों को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित