सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा

 


जयपुर, 12 जून (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन तथा सड़क सुरक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा है कि मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने तथा सभी विभागों को साझा जिम्मेदारी के साथ प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

शासन सचिवालय में शुक्रवार को आयोजित राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की 22वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ. बैरवा ने सड़क सुरक्षा गतिविधियों, प्रधानमंत्री राहत योजना की प्रगति और राज्य की 10 वर्षीय सड़क सुरक्षा कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने तथा सहायता राशि स्वीकृति में अनावश्यक विलंब नहीं करने के निर्देश दिए।

बैठक में भारी वाहन चालकों के लाइसेंस नवीनीकरण के दौरान प्रशिक्षण, स्कूलों एवं महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा शिक्षा को मजबूत बनाने, शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण देने तथा युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

उपमुख्यमंत्री ने राजमार्गों पर आबादी क्षेत्रों, स्कूलों, अस्पतालों और जंक्शनों के पास आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने, यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने तथा बसों और ट्रकों की फिटनेस व नियमित रखरखाव को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण और पर्याप्त विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

बैठक में सभी जिलों के शिक्षण संस्थानों में बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए। डॉ. बैरवा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले गुड सेमेरिटन को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि 5 हजार रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दी गई है।

राज्य में अब तक 340 गुड सेमेरिटन सम्मानित किए जा चुके हैं।

बैठक में सड़क सुरक्षा मित्रों को प्रोत्साहन राशि एवं सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) की प्रगति तथा राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा अभियान की भी समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित