श्रद्धापूर्वक की गोवर्धन पूजा, अन्नकूट महोत्सव शुरू

 


जोधपुर, 10 नवम्बर (हि.स.)। शहर में दीपावली पर दो दिन अमावस्या तिथि होने के कारण गोवर्धन पूजन आज सुबह किया गया। घरों के आंगन और बाहर में महिलाओं ने भगवान गोवर्धन के स्वरूप को गाय के गोबर से तैयार करके पूजन किया। वहीं गोवर्धन पूजन के साथ ही शहर में अन्नकूट महोत्सव की धूम मच गई है। दिवाली के बाद गोवर्धन पूजा से शुरू हुए अन्नकूट महोत्सव के तहत ठाकुरजी को छप्पन भोग लगाया जा रहा है। शहर के कई मंदिरों में छप्पन भोग का भोग चढ़ाकर विश्व कल्याण की प्रार्थना की।

भगवान कृष्ण ने आठ दिन तक गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर उठाया था। उसी के मान्यता अनुसार 56 भोग लगाया जाता है। इसी को लेकर मंदिरों में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अन्नकूट का आयोजन किया जा रहा है जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर अन्नकूट के भोग का दर्शन कर रहे है। विभिन्न वैष्णव मंदिरों सहित देवालयों में अन्नकूट का आयोजन कर भगवान को विभिन्न खाद्य सामग्री का भोग लगाया जा रहा है। मंगलवार को शहर के कई मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। यहां ठाकुरजी को अन्नकूट का भोग लगाया।

कमला नेहरु नगर स्थित समन्वय धाम में मंगलवार को अन्नकूट का आयोजन किया गया। भारत समन्वय सेवा ट्रस्ट समिति के उम्मेद किशन पुरोहित ने बताया कि समन्वय धाम में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग एवं विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।

मंदिर परिसर को आकर्षक पुष्पों व रंगोली से सजाया गया तथा भगवान की विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं अन्नकूट वितरित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश