गोरा बादल स्टेडियम के पुनर्विकास का भूमि पूजन, जिंक के सहयोग से बनेगा अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
चित्तौड़गढ़, 27 जून (हि.स.)। शहरवासियों और खेल प्रेमियों की वर्षों पुरानी प्रतीक्षा शनिवार को उस समय पूरी हुई जब ऐतिहासिक गोरा बादल स्टेडियम के पुनर्विकास कार्य का भूमि पूजन किया गया। हिन्दुस्तान जिंक एवं नगर परिषद के संयुक्त सहयोग से लगभग 1 साल में विकसित होने वाला यह स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुउद्देशीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में नई पहचान बनाएगा। यहां सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला कलेक्टर डॉ. मंजू तथा हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अमरेन्दु प्रकाश ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर विकास कार्य का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने कहा कि लंबे समय से खिलाड़ी बेहतर खेल सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे थे और इस दौरान आई असुविधाओं के लिए वे खिलाड़ियों से क्षमा भी प्रार्थी हैं। उन्होंने कहा कि गोरा बादल स्टेडियम हमेशा शहर की खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है तथा इसके पुनर्विकास के बाद यह देश के उत्कृष्ट खेल परिसरों में शामिल होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि स्टेडियम में वीर योद्धा गोरा-बादल की शौर्यगाथा का भी चित्रण किया जाए, जिससे युवा पीढ़ी अपनी गौरवशाली विरासत से प्रेरणा प्राप्त कर सके।
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने हिन्दुस्तान जिंक एवं सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्टेडियम शहर और जिले के खिलाड़ियों के लिए नई सौगात सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह परिसर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा। हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अमरेन्दु प्रकाश ने कहा कि वीर भूमि चित्तौड़गढ़ से जुड़ना उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि चित्तौड़ के शौर्य और बलिदान की गाथाएं देश भर के लोगों को प्रेरित करती रही हैं और गोरा-बादल के नाम पर विकसित होने वाला यह स्टेडियम नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का कार्य करेगा
जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस विश्वस्तरीय स्टेडियम की परिकल्पना की गई है। उन्होंने हिन्दुस्तान जिंक द्वारा सीएसआर के तहत इस परियोजना को हाथ में लेने की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूर्ण कर इसे खिलाड़ियों को समर्पित किया जाएगा। हिन्दुस्तान जिंक के आईबीयू हेड आलोक रंजन ने कहा कि स्टेडियम का जीर्णोद्धार कर उसे विश्वस्तरीय स्वरूप देना संतोष का विषय है।
आने वाली पीढ़ियों के लिए उपलब्ध होगी बेहतर खेल सुविधाएं
वेदांता समूह की सीएसआर हेड अनुपम निधि ने परियोजना की जानकारी देते हुए कहा कि हिन्दुस्तान जिंक की सीएसआर पहल के अंतर्गत यह परियोजना जिले में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे जिले की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकें। इस अवसर पर वेदांता लिमिटेड की सीएसआर हेड अनुपम निधि, हिन्दुस्तान जिंक के सीओओ किशोर एस, सीईओ स्मेल्टर लीलाधर पाटीदार, सीएसआर हेड सुंदर राज नायडू, यूआईटी सचिव एवं नगर परिषद प्रशासक कैलाश गुर्जर, भाजपा रतन गाडरी, पूर्व सभापति सुशील शर्मा, सुरेश झंवर, गौरव त्यागी सहित जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर विकसित होगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
गोरा बादल स्टेडियम को अंतर्राष्ट्रीय एवं आधुनिक खेल सुविधा मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। परियोजना का डिजाइन दीर्घकालिक सामुदायिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिसके अंतर्गत स्टेडियम का चरणबद्ध रूप से बहुउद्देशीय खेल परिसर के रूप में विकास किया जाएगा। यह परिसर प्रशिक्षण, विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, टूर्नामेंटों तथा अन्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयोगी होगा। यहां अत्याधुनिक फुटबॉल मैदान के साथ जॉगिंग एवं वॉकिंग ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। साथ ही खिलाड़ियों की सुविधा के लिए युवा एवं युवतियों के लिए अलग - अलग चेंजिंग रूम, स्वच्छता सुविधाएं, पर्याप्त पार्किंग एवं आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था विकसित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल