गोनेर में 23 अगस्त को भरेगा झूलों का मेला: तीन फीट दूरी से होंगे लक्ष्मी-जगदीश जी के दर्शन

 


जयपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। गोनेर स्थित श्री लक्ष्मी जगदीश महाराज का श्रावण शुक्ल एकादशी का वार्षिक मेला रविवार, 23 अगस्त को मंदिर महंत हनुमान दास के सान्निध्य में भरेगा। मेले में जयपुर सहित आसपास के जिलों और अन्य राज्यों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु सुबह 5 बजे से रात 9 बजे शयन झांकी तक भगवान के दर्शन कर सकेंगे। इसे झूलों का मेला भी कहा जाता है।

मीडिया प्रभारी मोहन लाल बागड़ा ने बताया कि मेले का प्रमुख आकर्षण भगवान जगदीशजी का माता लक्ष्मीजी के साथ श्रावण शुक्ल एकादशी से भाद्रपद कृष्ण द्वितीया तक काष्ठ निर्मित जगमोहन झूला मंडप में विराजमान रहना है। इस दौरान भगवान चारभुजा नाथ, बिहारीजी और शालिग्राम जी के साथ सखियों संग गर्भगृह से बाहर विराजमान रहेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं को भगवान लक्ष्मी-जगदीश जी के करीब तीन फीट की दूरी से दर्शन का अवसर मिलेगा।

मेले में जयपुर के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के अलावा चौमूं, बस्सी, बगरू, फागी, डिग्गी-मालपुरा, तूंगा, कोटखावदा, लवाण, वाटिका, बहरोड़, कोटपूतली, भानपुर और थानागाजी सहित दौसा, लालसोट, बांदीकुई, सवाई माधोपुर, कोटा, अजमेर के श्रद्धालु पहुंचेंगे। मध्यप्रदेश के रतलाम और इंदौर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर में घुमावदार रेलिंग लगाई गई है। इससे दर्शन के दौरान धक्का-मुक्की और भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। बारिश की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर में पहले से लगे टीन शेड के साथ अतिरिक्त तिरपाल लगाए जाएंगे। निकास द्वार के बाहर सड़क पर कारपेट भी बिछाया जाएगा, ताकि बारिश के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश