ट्रेन में मिली 2 लाख रुपये की सोने की चेन, टीटीई की सजगता से सुरक्षित पहुंची मालिक तक
काेटा, 19 सितंबर (हि.स.)। ट्रेन में यात्रा के दौरान महिला यात्री की करीब 2 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन छूट गई, लेकिन टिकट चेकिंग स्टाफ की सजगता और रेलवे सुरक्षा बल की त्वरित कार्रवाई से वह सुरक्षित वापस मिल गई। गाड़ी संख्या 12955 में ड्यूटी कर रहे टीटीई गणेश सिंह को बी-4 कोच की बर्थ संख्या 17-18 के पास एक सोने की चेन मिली। उन्होंने बिना विलंब किए चेन को सुरक्षित रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल, कोटा को सौंप दिया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि टीटीई द्वारा पीएनआर विवरण के आधार पर यात्री मेघा प्रवीण जैन से संपर्क किया गया। वह मुंबई सेंट्रल से विक्रमगढ़ आलोट तक यात्रा कर रही थीं और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन पर उतर चुकी थीं। संपर्क करने पर उन्होंने चेन अपनी होने की पुष्टि की। इसके बाद टीटीई गणेश सिंह ने चेन लिखित विवरण सहित रेलवे सुरक्षा बल कोटा पोस्ट के सहायक उप निरीक्षक हरिओम सिंह को सुपुर्द कर दी। बाद में यात्री की सहमति और आवश्यक पहचान की पुष्टि के बाद उक्त चेन उनके परिचित राकेश जैन को नियमानुसार सुपुर्द कर दी गई।
यह कार्रवाई रेलवे के ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत यात्रियों के छूटे सामान को सुरक्षित उनके मालिक तक पहुंचाने के प्रयासों का हिस्सा है। वाणिज्य विभाग के टिकट चेकिंग स्टाफ की ईमानदारी एवं सतर्कता और रेलवे सुरक्षा बल के समन्वय से यात्री की बहुमूल्य वस्तु सुरक्षित वापस पहुंचाई जा सकी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव