चित्तौड़गढ़ में 'गो सम्मान आह्वान अभियान' की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न
चित्तौड़गढ़, 29 मई (हि.स.)। मार्बल लघु उद्योग संस्थान के हॉल में 'गो सम्मान आह्वान अभियान' की जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में चित्तौड़गढ़ जिले की सभी तहसीलों से आए गोभक्त कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। राज्य स्तरीय प्रभारी बहादुर सिंह गुर्जर एवं जिला संयोजक गौरव सोमानी ने चित्तौड़गढ़, निम्बाहेड़ा, बड़ीसादड़ी, कपासन, रावतभाटा, राशमी, डूंगला, गंगरार, बस्सी, बेगूं, भोपालसागर से आए पदाधिकारियों से 27 अप्रैल को तहसील स्तर पर दिए गए प्रार्थना पत्रों की विस्तृत जानकारी ली।
जिला संयोजक गौरव सोमानी ने बताया कि सभी तहसीलों की रिपोर्ट, हस्ताक्षर संख्या एवं गो प्रेमियों की उपस्थिति अच्छी रही। उन्होंने कहा कि 27 अप्रैल को अनुजदास महाराज मूंगाना धाम, दिग्विजयराम महाराज एवं संत शिवरामदास त्यागी खेरी आश्रम के सानिध्य में जिला कार्यालय पहुंचे थे और हजारों गोभक्तों की हस्ताक्षरित प्रतियां सौंपी थीं। निम्बाहेड़ा से गोभक्त राधेश्याम सुखवाल महाराज ने सभी गोभक्तों और मातृशक्ति का आह्वान किया कि 27 जुलाई को दोगुने उत्साह के साथ सभी तहसीलों से हजारों गोभक्त, माताएं-बहनें चित्तौड़गढ़ पहुंचें। उस दिन जिला कलेक्टर को गो हत्या बंद करने और गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित कराने के उद्घोष के साथ लाखों लोगों की हस्ताक्षरित प्रतियां और ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक के मुख्य वक्ता संत गोपालानन्द सरस्वती महाराज ने कहा कि देश भर की सभी तहसीलों पर दिए प्रार्थना पत्र और हस्ताक्षरित प्रतियां हजारों की संख्या में जिला कार्यालयों तक पहुंचीं। यह देश का पहला ऐसा विशद, शांतिपूर्ण, व्यवस्थित आंदोलन रहा जिसकी चर्चा सोशल मीडिया के माध्यम से पूरी दुनिया में है। उन्होंने बताया कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक, लेह-लद्दाख, सुदूर नागालैंड आदि सभी तहसीलों में सफल प्रदर्शन हुआ। महाराज ने गोभक्तों को भावी चुनौतियों के लिए तैयार रहने और किसी भी परिस्थिति में पीछे न हटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर डॉ. सुशीला लढा ने किया। प्रारंभ में उन्होंने संस्कृत में गो वंदना प्रस्तुत की। बैठक में अनिल ईनानी, नलिन पुगलिया, विपिन नाहर, रतन पुरबिया, बहादुर सिंह चौगावडी, नीरज सुवालका, अभय खमेसरा, लोकेश जैन रावतभाटा, पूरन नाथ भदेसर, बबलू माली निम्बाहेड़ा, जानकी लाल लक्षकार राशमी, दिलीप बारेगामा, देवेंद्र सोमानी, रोहित सिंह कपासन, गोपाल मनोरिया बड़ी सादड़ी, सुनील माली डूंगला, वरिष्ठ नागरिक मंच के अमरकंटक उपाध्याय, रामनरेश डाड, कवि नंदकिशोर निर्भर आदि शामिल हुए। राष्ट्र सेविका समिति की सेविकाएं और अन्य महिला संगठनों की मातृशक्ति भी उपस्थित रही। अंत में गोभक्त गौरव सोमानी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल