जयपुर में ग्लोबल सोलर एक्सपो, सौर ऊर्जा और बैटरी स्टोरेज पर चर्चा
जयपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में सौर ऊर्जा और बैटरी एनर्जी स्टोरेज के बढ़ते अवसरों पर चर्चा के लिए ग्लोबल सोलर एक्सपो एंड सूर्यकॉन राजस्थान-2026 का आयोजन जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में किया जा रहा है। ईक्यूमैगप्रो की ओर से आयोजित एक्सपो में सौर ऊर्जा, अक्षय ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण क्षेत्र से जुड़े डेवलपर्स, ईपीसी कंपनियां, तकनीकी विशेषज्ञ, निवेशक, यूटिलिटीज और उद्योग प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने एक्सपो का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जयपुर कलेक्टर संदेश नायक, एनटीपीसी राजस्थान ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के सीईओ अजय शुक्ला, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निदेशक तकनीकी मुकेश बाल्दी और आईएनए सोलर के सीईओ मनीष गुप्ता मौजूद रहे।
आयोजन में सोलर एवं एनर्जी स्टोरेज प्रदर्शनी, सूर्यकॉन राजस्थान कॉन्फ्रेंस और राजस्थान एनुअल सोलर अवॉर्ड्स आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदर्शनी में सोलर पीवी मॉड्यूल, इनवर्टर, बैटरी, माउंटिंग स्ट्रक्चर, एनर्जी मैनेजमेंट सिस्टम और केबल सहित सौर एवं ऊर्जा भंडारण से जुड़ी तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।
एक्सपो और कॉन्फ्रेंस में यूटिलिटी स्केल सोलर, रूफटॉप सोलर, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक सोलर, कृषि, कैप्टिव एवं ग्रुप कैप्टिव तथा ओपन एक्सेस जैसे क्षेत्रों में संभावनाओं पर चर्चा की जा रही है। बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) के तहत पीक डिमांड मैनेजमेंट, औद्योगिक बैकअप, ग्रिड सपोर्ट और सोलर-प्लस-स्टोरेज सिस्टम के उपयोग पर भी विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।
सूर्यकॉन राजस्थान कॉन्फ्रेंस में बैटरी स्टोरेज की अर्थव्यवस्था, परियोजना वित्तपोषण, ऊर्जा खरीद, ग्रिड इंटीग्रेशन और अक्षय ऊर्जा आपूर्ति शृंखला सहित विभिन्न विषय चर्चा के केंद्र में रहे। नीति निर्माताओं और उद्योग विशेषज्ञों ने राजस्थान में अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं के विकास, निवेश और व्यावसायिक अवसरों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश