ग्लोबल नर्सिंग समिट में भविष्य की तकनीक पर विशेषज्ञों ने किया मंथन
जयपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। नर्सिंग क्षेत्र में नवाचार और आधुनिक तकनीक को आम नर्सेज तक पहुंचाने के संकल्प के साथ नर्सिंग टीचर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं आरएच हेल्थ केयर सिमुलेशन सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्लोबल नर्सिंग समिट का रविवार को समापन हुआ। समिट के दूसरे दिन नर्सिंग शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक नर्सिंग, सिमुलेशन आधारित शिक्षा और इमरजेंसी नर्सिंग सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार रखे।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. कुंजीलाल मीणा रहे। विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव सोनी रहे। डॉ. मीणा ने आयोजन समिति को नर्सिंग क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि दुनिया रोबोटिक नर्सिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ओर बढ़ रही है। ऐसे समय में इस तरह का आयोजन नर्सिंग क्षेत्र के लिए सार्थक और उपयोगी है।
भारत सरकार की नर्सिंग एडवाइजर दीपिका खाका ने ऑनलाइन माध्यम से भविष्य में नर्सिंग के बदलते स्वरूप पर जानकारी दी। एनएनएमसी ड्राफ्ट कमेटी की चेयरमैन डॉ. विमला कपूर ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवाचार, सिमुलेशन आधारित नर्सिंग एजुकेशन, रोबोटिक नर्सिंग और इमरजेंसी नर्सिंग लीडरशिप सहित विभिन्न विषयों पर प्रकाश डाला।
राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष गौरव सोनी ने आठवें वेतन आयोग और राष्ट्रीय स्तर पर कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं पर विचार रखे। उन्होंने नर्सिंग शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राहुल शर्मा और सचिव पुरुषोत्तम ने बताया कि अकादमिक सत्रों में डॉ. मंजू चुगानी ने रोबोटिक नर्सिंग, डॉ. सुखपाल कौर ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन सर्जिकल केयर, डॉ. जुबेदा रोहमावती ने संबंधित विषय, डॉ. आई. क्लेमेंट ने एआई इनेबल्ड नर्सिंग एजुकेशन और डॉ. लवसंपूर्ण जोतकोर ने टेक्नोलॉजी के माध्यम से नर्सिंग एजुकेशन में बदलाव पर प्रस्तुतियां दीं।
विभिन्न सत्रों का संचालन एवं समापन सेशन चेयरपर्सन डॉ. सुरेश शर्मा, घनश्याम जांगिड़, अनेश सैनी, डॉ. हरिचरण रावत, डॉ. अशोक ढाका बिश्नोई, डॉ. बी.एल. यादव और डॉ. नवनीता क्रिस्ट ने किया।
नर्सिंग शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. फारुख खान ने स्वागत भाषण दिया। आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष डॉ. विष्णु स्वर्णकार और डॉ. अंकित गर्ग ने डेलीगेट्स का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन एंकर प्रीति सक्सेना ने किया।
समिट के दौरान एक्सीलेंट नर्सिंग लीडरशिप अवार्ड, एक्सीलेंट नर्सिंग टीचर्स अवार्ड और एक्सीलेंट क्लीनिकल नर्सेज अवार्ड से कई नर्सेज को सम्मानित किया गया।
समिट का प्रमुख आकर्षण कामा हॉस्पिटल, मुंबई की सीनियर नर्सिंग ऑफिसर अंजलि विजय कुलथे रहीं। वह 2011 के मुंबई आतंकी हमले की घटना पर आधारित फिल्म भारत भाग्य विधाता से जुड़ी कहानी की प्रमुख पात्र रही हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए आतंकवादी हमले के दौरान सामने आई परिस्थितियों और अपने अनुभवों को बताया। उनके संबोधन के दौरान सम्मेलन स्थल पर देशभक्ति का माहौल बन गया। उनकी आपबीती सुनकर कई लोग भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश