जोधपुर मंडल के तीन रेलकर्मियों को मिला महाप्रबंधक सुरक्षा पुरस्कार
सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से टाली संभावित रेल दुर्घटनाएं
जोधपुर, 04 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के तीन रेलकर्मियों को सतर्कता और तत्परता से संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने तथा सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए महाप्रबंधक सुरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने मुख्यालय में आयोजित समारोह में तीनों कर्मचारियों को मासिक जीएम सुरक्षा पुरस्कार प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
पहली घटना 5 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 22481 जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला सुपरफास्ट एक्सप्रेस से जुड़ी है। ट्रेन के सामान्य श्रेणी के कोच से धुआं निकलता देखकर पॉइंट्समैन गुमानाराम बेनीवाल ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को रुकवाकर तकनीकी खराबी को दूर किया गया।
इसी प्रकार 18 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 22422 जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला सालासर एक्सप्रेस के एक कोच के ब्रेक ब्लॉक से जलने की गंध आने और चिंगारियां निकलने का पता चला। ट्रेन मैनेजर मुकेश कुमार शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल लोको पायलट को इसकी सूचना दी। इसके बाद प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।
वहीं, तीसरी घटना 5 सितंबर को पोकरण स्टेशन पर हुई। यहां गुड्स ट्रेन संख्या 13568 के एक वैगन से ग्रीस का रिसाव पाया गया। ट्रेन मैनेजर सोहन राम चौधरी ने समय रहते रिसाव की पहचान कर इसकी जांच सुनिश्चित कराई, जिससे संभावित खतरे को टाला जा सका। तीनों रेलकर्मियों ने ड्यूटी के दौरान असाधारण सतर्कता, जिम्मेदारी और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय दिया। उनके प्रयासों से रेल संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण मदद मिली। महाप्रबंधक ने प्रशस्ति पत्र से तीनों कर्मचारियों को सम्मानित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश