‘सबके इंचार्ज आप ही हो...’ पायलट की बात पर गहलोत का जवाब—‘हम तो परमानेंट इंचार्ज हैं’
जयपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान कांग्रेस की सियासत में लंबे समय तक खींचतान और गुटबाजी के लिए चर्चा में रहे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट बुधवार को कांग्रेस के वॉर रूम में अलग ही अंदाज में नजर आए। बैठक से पहले दोनों के बीच हुई हल्की-फुल्की बातचीत ने वहां मौजूद नेताओं के चेहरे पर मुस्कान ला दी और अब यही संवाद सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल, बुधवार काे एक बैठक के लिए कांग्रेस वार रुम में प्रवेश करते हुए गहलोत ने वहां माैजूद सचिन पायलट और राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की ओर इशारा करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि “पंजाब इंचार्ज अब बताइए... पहले आपके इंचार्ज ये थे, अब इनके इंचार्ज आप हैं।” पायलट ने भी हंसते हुए पलटवार करते हुए गहलाेत से कहा—“सबके इंचार्ज आप ही हो। राजस्थान, पंजाब... क्या फर्क पड़ता है?”
पायलट के जवाब पर गहलोत ने भी मुस्कुराते हुए कहा—“हम तो परमानेंट इंचार्ज हैं।” इस बातचीत के दौरान प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत वहां मौजूद नेताओं के बीच ठहाके गूंज उठे।
मीडिया के सामने गहलोत ने भी दिया ‘एकता’ का संदेश
बैठक के बाद गहलोत ने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस की एकता को लेकर कहा कि पत्रकार हमेशा कांग्रेस में एकता नहीं होने का सवाल पूछते हैं, लेकिन आज उन्होंने खुद देख लिया कि सभी एकजुट हैं। गहलोत ने यह भी कहा कि अगली बार कांग्रेस की सरकार बनेगी और इसे कोई रोक नहीं सकता।
यह बदला हुआ अंदाज इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि हाल के दिनों में कांग्रेस के भीतर संगठन और चुनावी रणनीति को लेकर अलग-अलग नेताओं के बयान सामने आते रहे हैं। गहलोत ने स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान कांग्रेस की रणनीति पर सवाल उठाते हुए रोड शो और निर्दलीय उम्मीदवारों के प्रदर्शन का मुद्दा उठाया था।
इससे पहले गहलोत और पायलट के बीच मानेसर प्रकरण को लेकर भी बयानबाजी हुई थी। हालांकि बाद में पायलट ने नरम अंदाज अपनाते हुए गहलोत के प्रति अपने रिश्तों को लेकर सकारात्मक टिप्पणी की थी।
अब पंचायत चुनाव से पहले दोनों नेताओं का एक साथ हंसना, मजाक करना और गहलोत का सार्वजनिक रूप से ‘सब एकजुट हैं’ कहना कांग्रेस के भीतर बदले माहौल का संकेत जरूर दे रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित