गहलोत का कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश, बोले- कांग्रेस के बोर्ड बनेंगे तो भाजपा की अक्ल आएगी ठिकाने

 


उदयपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश दिया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियों, विकास कार्यों में कथित ठहराव और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है। गहलोत ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद छोड़कर चुनाव में मजबूती से जुटने का आह्वान किया।

गहलोत ने टिकट वितरण को लेकर कहा कि टिकट उसी कार्यकर्ता को मिलना चाहिए, जो संबंधित वार्ड में मजबूत हो और जिसके जीतने की संभावना सबसे अधिक हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चेताते हुए कहा कि अगर टिकट मिलने के बाद ही झगड़े शुरू हो जाएं तो बोर्ड कैसे बनेगा? बीजेपी वाले झगड़ा करवाने के लिए तैयार बैठे हैं। उन्होंने भाजपा पर परिसीमन में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के समर्थन से कांग्रेस के बोर्ड बनेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि निकाय चुनाव में अधिक से अधिक नगरपालिका, नगर परिषद और नगर निगमों में कांग्रेस के बोर्ड बनने चाहिए। उनके अनुसार कांग्रेस की जीत से भाजपा सरकार को अपनी कार्यशैली पर विचार करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़ी कई योजनाएं लागू की गई थीं, जिन्हें वर्तमान सरकार ने या तो बंद कर दिया या कमजोर कर दिया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 12 लाख पट्टे बांटे गए, जबकि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बार-बार शिविर लगाने के बावजूद अपेक्षित संख्या में पट्टे नहीं दिए जा रहे हैं।

उन्होंने शहरी क्षेत्रों में सड़कों की खराब स्थिति, सीवरेज और पेयजल व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। गहलोत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय तैयार करवाई गई कई इमारतों का वर्तमान सरकार उद्घाटन तक नहीं कर पा रही है।

गहलोत ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कहा कि कांग्रेस सरकार की आरजीएचएस योजना से लोगों को बड़े स्तर पर राहत मिल रही थी। उन्होंने दावा किया कि उस समय लाखों रुपये तक के उपचार, ऑपरेशन, दवाइयां और विभिन्न जांचें निशुल्क उपलब्ध थीं, लेकिन अब मरीजों से अस्पतालों में पैसे वसूले जा रहे हैं।

उन्होंने महंगाई और राशन की उपलब्धता को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। गहलोत ने कहा कि जनता कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को याद कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान दबाव में हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने तथा स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित