राजस्थान में सूखे जैसे हालात पर गहलोत ने सरकार को चेताया, बोले- समय रहते तैयारी जरूरी
जयपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में मानसून कमजोर पड़ने और कई जिलों में बारिश की कमी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार को सतर्क रहने की सलाह दी है।
गहलोत ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सावन बीतने के साथ ही प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया है और भादों में भी बारिश की उम्मीद क्षीण नजर आ रही है। उन्होंने दावा किया कि राजधानी जयपुर समेत प्रदेश के 17 जिलों में सूखे जैसे हालात बन गए हैं।
गहलोत ने कहा कि पाली, जालोर, बांसवाड़ा, जैसलमेर और उदयपुर जैसे जिलों में सामान्य से 40 से 55 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि सूखे जैसी स्थिति का सबसे अधिक असर किसानों और श्रमिकों पर पड़ता है, इसलिए राज्य सरकार को अभी से आवश्यक तैयारियां शुरू कर देनी चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के कार्यकाल की इंदिरा रसोई और मनरेगा जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि संकट के समय इन योजनाओं ने गरीब, किसान और मजदूर वर्ग को सहारा दिया था। उन्होंने सरकार से खाद्यान्न का भंडारण बढ़ाने, पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मनरेगा और शहरी रोजगार गारंटी योजना को मजबूत करने की मांग की।
गहलोत ने पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी अभी से ध्यान देने की जरूरत बताई। उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित विभागों की समीक्षा कर समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने की अपील की, ताकि आने वाले दिनों में प्रदेश की जनता को किसी बड़े संकट का सामना नहीं करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित