भाजपा की नीतियों पर गहलोत का हमला: दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टेडियम अधर में

 


जयपुर, 28 मार्च (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपनी सोशल मीडिया सीरीज ‘इंतज़ारशास्त्र’ की छठी कड़ी में प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियाें पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की खेलों के प्रति उदासीनता के कारण जयपुर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का प्रोजेक्ट ठप पड़ा है।

गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार का रवैया न केवल स्वास्थ्य और विकास परियोजनाओं के प्रति लापरवाही भरा है, बल्कि खेल सुविधाओं के विस्तार में भी रुचि की कमी साफ नजर आती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीते सवा दो साल में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की स्थिति भी खराब हुई है और अब तक नए अध्यक्ष का चुनाव तक नहीं हो सका।

पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि कांग्रेस सरकार के दौरान जयपुर के चौंप क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना तैयार की गई थी। पांच फरवरी 2022 को इसका शिलान्यास किया गया था। यह स्टेडियम दुनिया का तीसरा और देश का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम बनने वाला था।

गहलोत के अनुसार, प्रोजेक्ट के पहले चरण में 45 हजार दर्शकों की क्षमता निर्धारित की गई थी, जिसे दूसरे चरण में बढ़ाकर 75 हजार तक किया जाना था। योजना के मुताबिक, पहला चरण फरवरी 2024 तक पूरा होना था, लेकिन 36 महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य अधूरा है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी प्रोजेक्ट अधर में लटका है और निकट भविष्य में इसके पूरा होने के कोई आसार नहीं दिख रहे।

गहलोत ने चेतावनी दी कि देरी के कारण निर्माण लागत लगातार बढ़ रही है, जिसका सीधा बोझ आम जनता और खेल प्रेमियों पर पड़ेगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा सरकार राजस्थान को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ते देखना नहीं चाहती।

पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार से मांग की कि राजनीतिक द्वेष से ऊपर उठकर इस अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परियोजना को प्राथमिकता दी जाए और खिलाड़ियों के सपनों को साकार करने के लिए इसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित