एमएसपी पर खरीद और भुगतान को लेकर गहलोत का भाजपा सरकार पर हमला
जयपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान में किसानों को एमएसपी पर फसल की खरीद और भुगतान में कथित देरी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
गहलोत ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में किसानों के सामने एमएसपी को लेकर दोहरी परेशानी खड़ी हो गई है।
गहलोत ने कहा कि किसान की स्थिति ऐसी हो गई है कि या तो उसकी फसल की एमएसपी पर खरीद नहीं हो रही या खरीद होने के बाद भुगतान के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि हनुमानगढ़ से झालावाड़ तक प्रदेश के किसान इस समस्या से जूझ रहे हैं। कहीं किसानों को मंडियों में एमएसपी से कम कीमत पर फसल बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है तो कहीं भुगतान के लिए महीनों तक सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों को उनकी उपज का पूरा हक दिलाने के लिए एमएसपी गारंटी कानून का वादा किया था, लेकिन भाजपा ने किसानों को बरगलाकर सत्ता हासिल कर ली। गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों के भुगतान को लेकर प्रदेश की जनता जवाब मांग रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि किसानों का पैसा आखिर कब मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित