प्रतापगढ़ में गौ सेवा सम्मान अभियान के तहत रैली, गौ हत्या पर प्रतिबंध की मांग

 


प्रतापगढ़, 27 अप्रैल (हि.स.)। प्रतापगढ़ जिले में गौ सेवा सम्मान अभियान के तहत गो सेवकों ने सोमवार को विशाल वाहन रैली निकालकर गौ संरक्षण को लेकर जागरूकता का संदेश दिया। रैली के बाद देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।

रैली की शुरुआत किला परिसर से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तक पहुंची। इस दौरान गो सेवकों ने नारेबाजी करते हुए गौ रक्षा के समर्थन में जनजागरण किया। आयोजन में भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी और संत मणिमहेश चैतन्य सहित कई गणमान्य लोग और गोभक्त शामिल हुए।

अभियान के संयोजक गोपाल मोदी ने बताया कि ‘गौ सेवा सम्मान अभियान’ के तहत पिछले एक महीने से घर-घर जाकर लोगों को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में ‘गौ सेवा सम्मान दिवस’ पर यह रैली आयोजित की गई।

वक्ताओं ने कहा कि गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिया जाना चाहिए और उनके संरक्षण के लिए अलग से मंत्रालय बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने गौ माता को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कहा कि गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।

रैली के समापन पर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। आयोजकों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता