उदयपुर के घासा में गैस सिलेंडर वितरण को लेकर हंगामा, कालाबाजारी के आरोप
उदयपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)।
उदयपुर जिले के मावली उपखंड की कालिका गैस एजेंसी (घासा) पर उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर सप्ताह करीब 300 गैस सिलेंडर आने के बावजूद आम उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में भारी असंतोष फैल गया है। इसके अलावा 15—15 दिन पहले उपभोक्ताओं को झांसे में लेकर सिलेंडर लेकर आने वाले टेम्पो चालक ने ओटीपी ले लिए कि सिलेंडर लेकर आ रहे हैं, लेकिन सिलेंडर आज तक नहीं पहुंचे। सोमवार सुबह से वहां उपभोक्ताओं की भीड़ लग गई और दोपहर बाद तक हंगामा जारी रहने की सूचना है।
सोमवार को एजेंसी के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां लोग दो-दो, तीन-तीन बार आने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हो रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि लाइन में खड़े लोगों को नजरअंदाज कर बाद में आने वालों को सीधे सिलेंडर दिए जा रहे हैं। वहीं तेज गर्मी के बीच इंतजार कर रहे लोगों के लिए पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं है, जिससे बुजुर्गों और महिलाओं की हालत बिगड़ रही है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं से पहले ही ओटीपी ले लिए गए, लेकिन कई दिनों बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की गई। इधर, पलाना खुर्द निवासी रामेश्वर लाल, नाथूलाल आदि बुजुर्ग उपभोक्ताओं के अनुसार, गांव के कई लोगों से यह कहकर ओटीपी ले लिया गया कि टेम्पो में सिलेंडर लेकर आ रहे हैं, लेकिन 3-4 दिन बीतने के बाद भी सिलेंडर नहीं पहुंचाए गए।
लोगों का कहना है कि शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में सिलेंडर उपलब्ध कराने के चलते नियमित उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। उपभोक्ताओं ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर से बात करनी चाही, लेकिन वे वीसी में व्यस्त थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता