बीकानेर में मनाया गणगौर उत्सव, विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
बीकानेर, 06 अप्रैल (हि.स.)। माहेश्वरी महिला समिति, बीकानेर ने हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अपना वार्षिकोत्सव गणगौर कार्यक्रम-2026 बड़े ही उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया।
महिला समिति बीकानेर की प्रचारमंत्री निशा झंवर ने बताया कि यह उत्सव सदैव की भांति बीकानेर धनपतराय रोड़ स्थित नृसिंह भवन में सम्पन्न हुआ। महिला समिति की वर्तमान अध्यक्षा श्रेया देवी राठी ने बताया कि गणगौर उत्सव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माहेश्वरी समाज प्रमुख नृसिंह मिम्माणी रहे, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में साइबर सेल उपपुलिस अधीक्षक शालिनी बजाज भी उपस्थित थी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से पूर्व महिला समिति की ओर से समाज के युवक-युवतियों के लिए कनिष्ठ एवं वरिष्ठ दो वर्गों में गणगौर सम्बन्धित चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के युवा वर्ग ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए आयोजित राजपूती ड्रेस प्रतियोगिता एवं घुड़ला सजावट प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ जिसमें महिलाओं द्वारा अपनी राजपूती पोशाक तथा घर से श्रृंगारित घुड़लों का प्रदर्शन किया गया।
गणगौर उत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम मां गणगौर की सवारी के साथ प्रारम्भ हुआ, जिसमें मां गवरजा की सवारी डागा चैक, बी.के. स्कूल से ढोल एवं ताशों की धुन के साथ विभिन्न माहेश्वरी मौहल्लों से होते हुए स्थानीय नृसिंह भवन पहुंची। मां गवरजा की सवारी के साथ-साथ जहाँ एक ओर महिला समिति की सभी सदस्याएं एक जैसी साड़ियां पहने हुए आकर्षण का केन्द्र बन रही थी वहीं अपने हाथों में डांडियां लिए मां गवरजा के आगे-आगे घूमर नृत्य कर रही थी।
महिला समिति उपसचिव रेणू झंवर, संगीता बिन्नाणी के अनुसार गणगौर सवारी के नृसिंह भवन पहुंचने पर सदैव की भांति महिला समिति की सभी सदस्याओं ने समिति अध्यक्षा श्रेया देवी राठी के नेतृत्व में संयुक्त रूप से माँ गवरजा की पूजा-अर्चना कर खोल भरने की रश्म निभाई। समिति सलाहकार प्रभारी अंजली झंवर के अनुसार तत्पश्चात् समिति अध्यक्षा ने आगन्तुकों के लिए जहाँ अपने शब्दों से स्वागत किया वहीं निवर्तमान सचिव चन्द्रकला कोठारी ने समिति का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
गणगौर उत्सव कार्यक्रम से जुड़े माहेश्वरी समाज के सामाजिक संवाददाता पवन कुमार राठी ने बताया कि इस कार्यक्रम में बीकानेर की प्रमुख सभी माहेश्वरी समाज की संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव