नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय डाला छठ महापर्व

 


जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। बिहार समाज संगठन के तत्वावधान में सूर्य उपासना और लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ। समाज के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुरेश पंडित ने बताया कि व्रतियों ने सुबह स्नान के बाद कच्चे चावल, चने की दाल और सेंधा नमक से बनी लौकी की सब्जी ग्रहण की। खरना के अवसर पर व्रती निर्जला उपवास रखेंगे और शाम को गुड़ की खीर का भगवान सूर्य को भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद निर्जला निराहार व्रत शुरू होगा, जिसका समापन 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा।

उन्होंने बताया कि खरना के प्रसाद का विशेष महत्व है। परंपरा के अनुसार इसे परिवार और परिचितों के साथ-साथ उन लोगों को भी निमंत्रित कर खिलाया जाता है, जिनके घरों में यह पर्व नहीं मनाया जाता।

संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री चंदन कुमार मंडल ने बताया कि 15 और 16 नवंबर को गलता जी तीर्थ पर छठ महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस बार आमेर मावटा, एनबीसी के पीछे दुर्गा विस्तार कॉलोनी, रॉयल सिटी माचवा, विश्वकर्मा सहित जयपुर में 51 स्थानों पर पूजा होगी। 15 नवंबर को गलता जी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। इस अवसर पर गलता तीर्थ में स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत का संदेश देते हुए फूलों की वर्षा भी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश