गडकरी बुधवार काे करेंगे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण

 


दौसा, 07 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बुधवार, 8 जुलाई को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करेंगे। प्रस्तावित दौरे को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक (पीडी) गजेंद्र सिंह के अनुसार केंद्रीय मंत्री दिल्ली से सड़क मार्ग द्वारा रवाना होकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के रास्ते कोटा-रतलाम तक जाएंगे। उनका काफिला दोपहर करीब दाे बजे दौसा जिले से गुजरेगा।

दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री हाल ही में हुए बस-ट्रेलर अग्निकांड के घटनास्थल का भी निरीक्षण कर सकते हैं। इसके अलावा वे एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य, रखरखाव (मेंटेनेंस), सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा कोटा स्थित मुकुंदरा हिल्स की दरा टनल का भी जायजा लेंगे। इसके बाद उनका दौरा मध्य प्रदेश और गुजरात तक प्रस्तावित है।

केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित निरीक्षण की सूचना मिलते ही एनएचएआई और संबंधित अधिकारियों में हलचल बढ़ गई है। निरीक्षण को देखते हुए एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का कार्य तेज कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक स्लीपर बस और ट्रेलर की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई थी। इस दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। ऐसे में केंद्रीय मंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित