मेवाड़ राजपरिवार की बहू विजयराज कुमारी पंचतत्व में विलीन

 


उदश्पुर, 15 सितंबर (हि.स.)। मेवाड़ राजपरिवार की बहू और महाराणा प्रताप के वंशज अरविंद सिंह मेवाड़ की पत्नी विजयराज कुमारी (83) का सोमवार देर रात निधन हो गया। लंबे समय से बीमार चल रहीं विजयराज कुमारी का मंगलवार को उदयपुर स्थित महासतिया में अंतिम संस्कार किया गया। 425 वर्ष पुरानी छतरियों के बीच बारिश के बीच अंतिम संस्कार की परम्पराएं निभाई गईं। उनके बेटे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मुखाग्नि दी। मां को अंतिम विदाई देते समय लक्ष्यराज सिंह भावुक हो गए।

विजयराज कुमारी की अंतिम यात्रा पूर्व राजपरिवार के आधिकारिक निवास शंभू पैलेस से निकाली गई। करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी यात्रा में राजपरिवार के सदस्यों के साथ हजारों की संख्या में आम लोग शामिल हुए। अंतिम दर्शन के लिए रास्तेभर लोग सड़क के दोनों ओर कतारों में खड़े रहे। बैंडबाजे के साथ निकली अंतिम यात्रा के दौरान कई लोग भावुक नजर आए। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर विजयराज कुमारी को श्रद्धांजलि दी।

अंतिम यात्रा में उनके बेटे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, पोते और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। लोगों ने नम आंखों से मेवाड़ राजपरिवार की बहू को अंतिम विदाई दी।

अंतिम यात्रा के बाद विजयराज कुमारी का महासतिया में अंतिम संस्कार किया गया। उदयपुर की ऐतिहासिक महासतिया में 425 साल पुरानी छतरियों के बीच बारिश के दौरान अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। बेटे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान राजपरिवार के सदस्यों और उपस्थित लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

विजयराज कुमारी का उदयपुर में शिक्षा और परोपकारी गतिविधियों से विशेष जुड़ाव रहा। वर्ष 1980 के दशक में महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल के विकास तथा उसे व्यवस्थित और आधुनिक शैक्षणिक स्वरूप देने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

सामाजिक कार्यों और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी सक्रियता के कारण उनका विशेष सम्मान था।

विजयराज कुमारी के पति और पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ (80) का पिछले साल मार्च में निधन हो गया था। वे भी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। अब विजयराज कुमारी के निधन से मेवाड़ राजपरिवार और उदयपुर के सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित