जालोर में करंट लगने से एफआरटी कर्मचारी की मौत
जालोर, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के बालवाड़ा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बिजली फॉल्ट ठीक करने खंभे पर चढ़े एफआरटी (फॉल्ट रिपेयर टीम) कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक 11 केवी लाइन पर कार्य कर रहा था, तभी अचानक बिजली चालू हो जाने से उसे जोरदार झटका लगा और वह तारों पर ही लटक गया। मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
थलुंडा निवासी अखाराम मेघवाल (35) को बालवाड़ा क्षेत्र में बिजली फॉल्ट की सूचना पर बुलाया गया था। उसने नियमानुसार जीएसएस (ग्रिड सब स्टेशन) से शटडाउन लेकर मरम्मत कार्य शुरू किया था। इसी दौरान किसी स्तर पर लाइन क्लियर होने की सूचना दे दी गई, जिसके बाद लाइनमैन ने बिजली आपूर्ति चालू कर दी। अचानक करंट प्रवाहित होने से अखाराम झुलस गया और खंभे पर ही उसकी जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और परिजनों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद भी करीब पांच घंटे तक मृतक का शव खंभे पर ही लटका रहा, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
बिजली विभाग के एक्सईएन लालचंद ने बताया कि परिजनों और ग्रामीणों के साथ वार्ता के बाद समझौता हुआ है। मृतक के परिजनों को 11 लाख रुपये मुआवजा देने सहित अन्य सहायता पर सहमति बनी, जिसके बाद शव को नीचे उतारकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
इधर हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के पिता रूपाराम अपने परिचितों के साथ मोटरसाइकिल से घटनास्थल के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में एक कैंपर वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में रूपाराम के दोनों पैर टूट गए तथा सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई है। उनके साथ बाइक पर सवार पप्पूराम और वालाराम के भी एक-एक पैर में फ्रैक्चर हुआ है। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
मृतक के चाचा सकाराम ने बताया कि अखाराम को फोन कर मौके पर बुलाया गया था और उसने शटडाउन लेकर काम शुरू किया था, लेकिन पीछे से लापरवाहीपूर्वक बिजली चालू कर दी गई, जिससे उसकी जान चली गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित