विद्यार्थियों को मिलेंगे वैश्विक शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसर, 17 अगस्त से शुरू होंगी फ्रेंच भाषा की कक्षाएं
बीकानेर, 11 अगस्त (हि.स.)। राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में विदेशी भाषा संप्रेषण कौशल योजना के अंतर्गत फ्रेंच भाषा सीखने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए नियमित कक्षाएं 17 अगस्त से प्रारंभ होंगी। इन कक्षाओं का संचालन महाविद्यालय के आधुनिक ‘व्योम’ केंद्र में किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फ्रेंच भाषा की कक्षाएं प्रतिदिन शाम 3 से 5 बजे तक संचालित की जाएंगी। फ्रेंच भाषा का अध्ययन करने के इच्छुक विद्यार्थी महाविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध आवेदन पत्र के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
डॉ. पुरोहित ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में विदेशी भाषाओं का ज्ञान विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, रोजगार, उच्च अध्ययन एवं व्यावसायिक क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार खोल रहा है। फ्रेंच भाषा के ज्ञान से विद्यार्थी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अध्ययन एवं रोजगार की संभावनाओं का लाभ उठा सकते हैं तथा अपने संप्रेषण कौशल को भी विकसित कर सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस महत्वपूर्ण अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और फ्रेंच भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना आवेदन प्रस्तुत करें।
स्मरणीय है कि राजकीय डूंगर महाविद्यालय में विदेशी भाषाओं के अध्ययन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहले से ही जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलता पूर्वक संचालित किया जा रहा है। फ्रेंच भाषा कक्षाओं के प्रारंभ होने से विद्यार्थियों को एक और अंतरराष्ट्रीय भाषा सीखने का अवसर प्राप्त होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव