टाटा स्ट्राइव और कन्या महाविद्यालय के बीच करार, छात्राओं को मिलेगा निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण व रोजगार का अवसर

 


चित्तौड़गढ़, 11 मई (हि.स.)। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की सीएसआर पहल के तहत टाटा स्ट्राइव (जिंक कौशल केंद्र) चंदेरिया और राजकीय कन्या महाविद्यालय चित्तौड़गढ़ के बीच छात्राओं को निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण व रोजगार से जोड़ने के लिए 2 वर्ष की साझेदारी शुरू की गई है। दोनों संस्थानों के बीच एलओआई पर हस्ताक्षर किए गए।

टाटा स्ट्राइव के प्रोजेक्ट मैनेजर राज कुमार खत्री, सेंटर मैनेजर अंकुश शर्मा एवं मोबिलाइजर रमेश लोहार ने महाविद्यालय प्रशासन को इस संबंध में जानकारी दी। बताया कि केंद्र में छात्राओं को बैंकिंग, इलेक्ट्रीशियन, सोलर एवं फ्रंट ऑफिस जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाता है। सभी पाठ्यक्रम पूरी तरह प्लेसमेंट-लिंक्ड हैं। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद छात्राओं को रोजगार से जोड़ने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।छात्राओं के समग्र विकास के लिए डिजिटल साक्षरता (कंप्यूटर कोर्स), इंग्लिश स्पीकिंग एवं पर्सनैलिटी डेवलपमेंट का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। साथ ही अध्ययन सामग्री, यूनिफॉर्म, बैग एवं जूते उपलब्ध कराकर प्रशिक्षण को सुलभ बनाया गया है। राजकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गौतम कुमार कुकड़ा एवं हिंदी विभाग के प्रोफेसर डॉ. सीएल महावर के साथ सकारात्मक संवाद हुआ। कॉलेज प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए योग्य छात्राओं को कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ने में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल