भाजपा उम्मीदवार विकास की कार का चौथा पहिया -देवनानी
विधानसभा अध्यक्ष की चुनावी सक्रियता पर कांग्रेस को ऐतराज
अजमेर, 5 सितम्बर (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की नगर निगम के चुनाव में सक्रियता पर कांग्रेस ने ऐतराज जताया है। अजमेर में कांग्रेस की चुनावी कमान संभाल रहे आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ ने कहा कि देवनानी विधानसभा के अध्यक्ष होने के नाते संवैधानिक पद पर है। ऐसे में उन्हें किसी एक दल के लिए काम नहीं करना चाहिए। लेकिन देवनानी विधानसभा अध्यक्ष की मर्यादाओं और आचरण का उल्लंघन कर भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रहे हैं। देवनानी की वजह से प्रशासन भी भाजपा के दबाव में काम कर रहा है।
राठौड़ ने कहा कि देवनानी की चुनावी सभाओं के भाषण केंद्रीय चुनाव आयोग और राज्य चुनाव आयोग को भेजे गए हैं। इसके साथ ही अजमेर के कलेक्टर और निर्वाचन अधिकारी लोक बंधु से भी शिकायत की गई है। राठौड़ ने आरोप लगाया कि देवनानी चुनाव को प्रभावित कर रहे हैं। राठौड़ ने कहा कि नगर निगम के वार्ड संख्या 3 और 4 में रणनीति के तहत कांग्रेस ने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं। कांग्रेस का उद्देश्य निगम चुनाव में भाजपा को हराना है। अजमेर में गत 6 बार से भाजपा का बोर्ड बन रहा है, लेकिन आज भी सीवरेज की समस्या से हर शहरवासी परेशान हैं। अजमेर शहर के दोनों विधायक चुने जा रहे हैं। लेकिन आज भी शहर की दुर्दशा आम जनता के सामने है। इस बार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनवाने का संकल्प लिया है।
उधर, राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी इन दिनों नगर निगम के चुनाव में अपने निर्वाचन क्षेत्र अजमेर उत्तर में सक्रिय रहते हुए लोगों से कह रहे है कि अजमेर के विकास में भाजपा का पार्षद कार के चौथे पहिए के रूप में काम करेगा।
देवनानी वार्ड के भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में सभाएं करते हुए एक सभा को संबोधित कर भाजपा के उम्मीदवार की तुलना कार के चौथे पहिए से की। देवनानी ने कहा कि कार का पहला पहिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है, दूसरा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा है और तीसरा पहिया विधायक होने के नाते वे स्वयं है। कार तभी चल पाएगी जब चौथे पहिए के रूप में भाजपा उम्मीदवार पार्षद बनेगा। देवनानी ने कहा कि गत 6 बार से अजमेर में स्थानीय निकाय में भाजपा का बोर्ड बन रहा है। यही वजह है कि पिछले ढाई वर्ष में अजमेर उत्तर क्षेत्र में 1500 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए हैं। विकास की यह कार चलती रहे इसके लिए निगम के चुनाव में भाजपा के उम्मीदवारों की जीत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई निर्दलीय उम्मीदवार पार्षद बन भी जाए तो उसके मायने नहीं है। विकास तो भाजपा का पार्षद ही करवा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष