खाद्य सुरक्षा टीम ने दीपावली से पहले तूंगा और कोटखावदा में लिए मिठाइयों के चार नमूने

 


जयपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत जयपुर ग्रामीण के तूंगा और कोटखावदा क्षेत्र में मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सैंपलिंग की कार्रवाई की। टीम ने चार प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान तूंगा स्थित जोधा मिष्ठान भंडार से मिश्री मावा, खंडेलवाल स्वीट्स कॉर्नर से कलाकंद और जोधपुर मिष्ठान भंडार से मिश्री मावा का नमूना लिया गया। वहीं, कोटखावदा स्थित मां भवानी जोधपुर मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी का नमूना लिया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना करने, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का उपयोग करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि दीपावली पर आमजन को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान जारी रहेगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से खरीदने तथा मिलावट की शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग को देने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश