रोडवेज बस और कार की भिड़ंत में चार सगे भाइयों की मौत

 


बालोतरा, 16 जून (हि.स.)। जिले में मंगलवार को एक सड़क हादसे में चार सगे भाइयों की मौत हो गई। पाटौदी गांव के पास रोडवेज बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चारों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, चारों भाई अपने गांव से करीब 22 किलोमीटर दूर कालेवा गांव में मकान निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पाटौदी गांव के पास सामने से आ रही रोडवेज बस से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चारों भाइयों के शव बाहर निकाले। इसके बाद शवों को नजदीकी अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

मृतकों के चचेरे भाई गोपाल निवासी कोड़ूका ने बताया कि उदाराम (39), रेखाराम (35), जोगाराम (31) और विशनाराम (29) मकान निर्माण का काम करते थे। मंगलवार सुबह वे कार से कालेवा गांव जा रहे थे। पाटौदी गांव से करीब 6 किलोमीटर दूर जोधपुर की ओर जा रही रोडवेज बस से उनकी कार की टक्कर हो गई, जिसमें चारों की जान चली गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एक साथ चार सगे भाइयों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित