कांग्रेस के चार और बागी 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित

 


जोधपुर, 09 सितम्बर (हि.स.)। नगर निगम चुनाव 2026 के दौरान जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने वाले चार और सदस्यों को छह साल के लिए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद संबंधित कार्यकर्ताओं के पार्टी में सभी पद और दायित्व भी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिए गए हैं। कांग्रेस की तरफ से पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने पर कार्यकर्ताओं के खिलाफ लगातार यह तीसरी अनुशासनात्मक कार्यवाही की गई है। इससे पहले 40 और बागियों के खिलाफ एक्शन लिया जा चुका है।

पार्टी के जिला संगठन महामंत्री कुश गहलोत ने बताया कि निगम चुनाव में पार्टी के संविधान, नीतियों और अनुशासन के विपरीत कार्य करने वाले चार लोगों को पार्टी के सभी पदों से मुक्त करते हुए निष्कासित किया गया है। गहलोत ने बताया कि कांग्रेस ने जिन चार लोगों को निष्कासित किया है, उनमें पार्टी के दो पदाधिकारी भी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर दो के अध्यक्ष दो राजू भाटी, वार्ड 21 के अध्यक्ष सहीराम बिश्नोई, योगेश चौधरी और देवेंद्र जांगिड़ को निष्कासित किया गया है। इन कार्यकर्ताओं ने नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लडऩे अथवा पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहकर काम किया। इसे कांग्रेस के संविधान, नीतियों और अनुशासन के विपरीत माना गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश