खेत में खेलते-खेलते काल के गाल में समा गए चार बच्चे, बचाने के प्रयास में तीन भाई-बहनों ने भी गंवाई जान
जैसलमेर, 13 नवंबर (हि.स.)। छुट्टियों में ननिहाल आई तीन मासूम बहनों के लिए खेत में खेलने की खुशी जिंदगी का आखिरी सफर बन गई। खेलते समय एक बच्ची का पैर फिसला और वह पानी से भरी डिग्गी में जा गिरी। उसे डूबता देख उसकी दो बहनें और साथ खेल रहा ममेरा भाई भी उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। लेकिन एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में चारों बच्चे डिग्गी में डूब गए। इस हृदयविदारक हादसे में तीन सगी बहनों सहित चार बच्चों की मौत हो गई।
यह दर्दनाक हादसा जैसलमेर जिले के सदर थाना क्षेत्र के रूपसी गांव में शुक्रवार दोपहर हुआ। मृतकों में रूपसी निवासी दिलीप (18) पुत्र अम्रतराम भील और सिपला निवासी नारायणराम भील की तीन बेटियां मोरू (16), धीया (14) और माया (12) शामिल हैं। तीनों बहनें छुट्टियों में अपने ननिहाल रूपसी आई हुई थीं। दोपहर में वे अपने मामा के बेटे दिलीप के साथ खेत में खेल रही थीं। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार खेत में खेलते समय अचानक एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह डिग्गी में गिर गई।
उसे बचाने के लिए एक के बाद एक उसकी दोनों बहनें और ममेरा भाई भी पानी में उतर गए। डिग्गी गहरी होने के कारण चारों पानी में समा गए। हादसे के समय खेत के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे बच्चों को तत्काल मदद नहीं मिल सकी।
कुछ देर बाद परिजनों को बच्चों के डिग्गी में डूबने की जानकारी मिली तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश में पानी में उतर गए। डिग्गी काफी गहरी होने के कारण बच्चों का पता नहीं चल पा रहा था। इसके बाद जेसीबी मशीन बुलवाई गई। डिग्गी को तोड़कर उसका पानी निकाला गया, तब चारों बच्चों को बाहर निकाला जा सका।
परिजन और ग्रामीण चारों बच्चों को लेकर जैसलमेर के जवाहिर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एक साथ चार बच्चों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सदर थाना पुलिस ने अस्पताल में आवश्यक कागजी कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित