बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा रविवार काे

 


जोधपुर एवं फलोदी जिलों में 560 परीक्षा केन्द्रों पर होगा आयोजन

जोधपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 4 अक्टूबर को जोधपुर एवं फलोदी जिलों की सभी पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में साक्षरता कक्षाओं में अध्ययनरत 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे युवक-युवतियां एवं अन्य शिक्षार्थी भाग लेंगे, जिनके पास किसी भी प्रकार का शैक्षणिक प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं है। दोनों जिलों को आवंटित लक्ष्य के अनुसार लगभग एक लाख असाक्षरों को परीक्षा में सम्मिलित किया जाएगा।

जिला साक्षरता एवं सतत् शिक्षा अधिकारी भरत कुमार पारीक ने बताया कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जोधपुर एवं फलौदी जिलों की विभिन्न पंचायत समितियों के राजकीय विद्यालयों में 560 परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्राधीक्षकों एवं वीक्षकों की नियुक्ति कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर परीक्षा के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया है, ताकि चिन्हित असाक्षर अधिकाधिक संख्या में परीक्षा में सम्मिलित होकर अपनी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षताओं का मूल्यांकन करा सकें। बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा 4 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। चिन्हित असाक्षर अपनी सुविधा के अनुसार निर्धारित समयावधि में किसी भी समय संबंधित परीक्षा केन्द्र पर पहुंचकर परीक्षा दे सकेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य शिक्षार्थियों को उनकी सुविधा के अनुरूप परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर उपलब्ध कराना है।

परीक्षा के सुचारू एवं सफल संचालन के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा द्वारा नोडल एवं सह नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी जोधपुर मंजू शर्मा को जोधपुर जिले तथा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी फलोदी सोहनलाल विश्नोई को फलोदी जिले का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला साक्षरता एवं सतत् शिक्षा अधिकारी जोधपुर भरत कुमार पारीक को दोनों जिलों का सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा साक्षरता प्रभारी को सह नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर पीईईओ/यूसीईओ को नोडल अधिकारी नियुक्त कर परीक्षा के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा कारागृहों में भी पात्र शिक्षार्थियों को परीक्षा से जोडऩे की व्यवस्था की गई है। केन्द्रीय कारागृह जोधपुर के पुरुष एवं महिला कारागृह तथा पिचियाक कारागृह, बिलाड़ा में लगभग 55 असाक्षर बंदियों का चिन्हीकरण किया गया है, जिन्हें भी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा में सम्मिलित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश