देवनानी ने किया 270 करोड़ की पेयजल परियोजना का शिलान्यास
अजमेर, 19 अगस्त(हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कोटड़ा में 270 करोड़ की पेयजल परियोजना की बुधवार 19 अगस्त 26 को नींव रख दी। यह योजना 2055 तक अजमेर उत्तर क्षेत्र की प्यास बुझाने के लिए पर्याप्त है। आजादी के बाद से चली आ रही मांग पूरी होने से खुश लोगों ने देवनानी को 140 मीटर लम्बा साफा पहना कर अभिनंदन किया। इस स्वागत से भावुक हुए देवनानी बोले मैंने अपनी शादी के दिनों में पानी का संकट देखा है। शहर के लोगों को नहीं झेलने दूंगा। अंतिम सांस तक अजमेर की सेवा करता रहूंगा।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को कोटड़ा पत्रकार कॉलोनी में स्वामी विवेकानंद पार्क के पास 270 करोड़ रुपए की पेयजल परियोजना की नींव रखी। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने बजट में इस योजना की घोषणा की थी। योजना के तहत नसीराबाद से नौसर तक 48.7 किलोमीटर लम्बी लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही कोटड़ा, पृथ्वीराज नगर और लोहागल में 70 एमएलडी क्षमता के तीन सर्विस रिजार्वायर बनेंगे। योजना दो साल में पूरी होगी और शहर की 3 लाख से ज्यादा आबादी को फायदा मिलेगा।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि हमने चुनावों के समय जो वादा किया था कि शहर में पानी की समस्या का समाधान करेंगे। वह आज पूरा होता दिखाई दे रहा है। देवनानी ने कहा कि पानी की पीड़ा का उन्हें अच्छे से अनुभव है वे इस पीड़ा को स्वयं भुगत चुके हैं। अजमेर के घरों और मोहल्लों तक पर्याप्त पानी पहुंचे और अजमेरवासियों को पानी की समस्या से राहत मिले, इसके लिए 270 करोड़ रुपए का प्लान बनाया है। इस योजना से अजमेर में 70 एमएलडी पानी अधिक आएगा। अब तक अजमेर को 100 एमएलडी पानी मिलता था, लेकिन अब इस योजना के बाद से 170 एमएलडी पानी मिलेगा। पंचशील, वैशालीनगर एवं लोहागल कॉलोनियों में पानी के लिए कई दिन इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब इस योजना से 48 घंटे में पानी मिल सकेगा। योजना के तहत तीन जलाशय बनाए जाएंगे। कोटड़ा में 30 एमएलडी, लोहागल में 35 एमएलडी और पृथ्वीराजनगर में 5 एमएलडी क्षमता के जलाशय बनेंगे। इसके लिए नसीराबाद पंप हाउस से कोटड़ा तक 48.7 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। टेंडर का सबसे बड़ा काम इसी लाइन का है। योजना दो साल में पूरी होगी। इसके बाद अजमेर में पेयजल व्यवस्था और मजबूत होगी तथा लोगों को पानी के लिए कई दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि अजमेर एन्ट्रीगेट, तारागढ़ विकास, लैपर्ड सफारी, लाइब्रेरी, बालिका सैनिक स्कूल, आईटी पार्क, कन्वेंशन सेन्टर, साइंस पार्क, खेल स्टेडियम अजमेर के विकास की नई कहानी लिख रहे हैं।
अजमेर की दशकों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान करने पर विभिन्न संस्थाओं ने देवनानी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। अग्रवाल समाज की ओर से उन्हें 140 मीटर लम्बा साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने उन्हें 51 व 21 किलो की माला पहनाई। कई संस्थाओं ने अभिनंदन किया। लोगों के स्वागत से देवनानी भावुक हो गए। वे बोले मैंने भी अपनी शादी और पढ़ाई के दिनों में अजमेर में पानी के संघर्ष और कमी को झेला है। मैं शहर से वादा करता हूं कि उन्हें इस संकट से छुटकारा दिला कर रहूंगा। मेरा जीवन अजमेर के लिए समर्पित है। अंतिम सांस तक शहर की सेवा करता रहूंगा।इस अवसर पर दीपक शर्मा, अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामचन्द्र राड़ सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष