पूर्व मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी के घर चोरी का आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर

 


जयपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी के सिविल लाइंस स्थित आवास पर चोरी के मामले में आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है। शहर के सुरक्षित माने जाने वाले सिविल लाइंस इलाके में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है। मामले में सीएसटी और डीएसटी सहित चार अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।

डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस के 18 सदस्यों की टीम काम कर रही है। कुछ सकारात्मक सुराग मिले हैं और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। एक टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जबकि दूसरी वारदात के संभावित रास्तों का रूट चार्ट तैयार कर जांच कर रही है। इसके अलावा पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड, पूर्व कर्मचारियों की सूची और रिश्तेदारों की भूमिका सहित अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस के अनुसार बदमाश बुधवार देर रात करीब 2:15 बजे पेचकस से किचन की खिड़की का लॉक तोड़कर घर में घुसा था। वह करीब एक घंटे तक घर के अंदर रहा। वारदात के समय घर में 10 से अधिक लोग सो रहे थे, जबकि मुख्य गेट पर तैनात गार्ड गुमटी में सो रहा था। सिंघवी के पीए राजवीर सिंह के अनुसार बदमाश घर से करीब डेढ़ लाख रुपए नकद और कृत्रिम आभूषण चोरी कर ले गया। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान और आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश