पूर्व सीएम गहलोत ने खोली ‘बजट फाइल्स’, पहले एपिसोड में जल जीवन मिशन पर सरकार को घेरा

 


जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान की सियासत में अब बजट घोषणाओं का हिसाब-किताब भी राजनीतिक हथियार बनने जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को अपनी नई वीडियो सीरीज ‘बजट फाइल्स’ का पहला एपिसोड जारी कर भजनलाल सरकार पर सीधा हमला बोला। पहली कड़ी में उन्होंने जल जीवन मिशन को मुद्दा बनाते हुए सरकार के बजट वादों और जमीन पर हुए काम के आंकड़े सामने रखे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ‘दो साल बनाम पांच साल’ वाले तर्क पर सवाल खड़े किए।

गहलोत ने दावा किया कि जल जीवन मिशन में कांग्रेस सरकार ने अकेले वित्त वर्ष 2022-23 में 13.88 लाख नल कनेक्शन दिए थे, जबकि भाजपा सरकार के तीन वित्त वर्षों का कुल आंकड़ा करीब 12.95 लाख ही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस एक साल में जितने घरों तक नल पहुंचा सकती थी, भाजपा सरकार तीन साल में भी उतना काम क्यों नहीं कर पाई?

गहलोत ने वीडियो में भाजपा के घोषणा पत्र और बजट घोषणाओं का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा ने वर्ष 2025 तक जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक पानी पहुंचाने का वादा किया था। इसके अलावा सरकार ने दो साल में 45 लाख नल कनेक्शन देने की घोषणा की थी। गहलोत का आरोप है कि तीन वित्त वर्षों के बाद भी नल कनेक्शनों की संख्या 15 लाख तक नहीं पहुंच सकी।

उन्होंने भारत सरकार के जल जीवन मिशन डैशबोर्ड के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि भाजपा सरकार के दौरान 2024-25 में 9.44 लाख, 2025-26 में 2.71 लाख और 2026-27 में अक्टूबर तक करीब 79 हजार नल कनेक्शन हुए।

इन आंकड़ों को आधार बनाकर उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

गहलोत ने आरोप लगाया कि प्रदेश में जल जीवन मिशन की रफ्तार धीमी होने के पीछे ठेकेदारों का भुगतान अटकना भी एक कारण है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार भुगतान नहीं होने के कारण काम रोकने को मजबूर हैं, जबकि गांवों में लोग नल के पानी का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जुलाई 2026 की समीक्षा के अनुसार प्रदेश के करीब 107.74 लाख ग्रामीण परिवारों में से 63.61 लाख यानी करीब 59 प्रतिशत परिवारों तक ही नल पहुंचा है। गहलोत ने दावा किया कि करीब 44 लाख ग्रामीण परिवार अभी भी नल के पानी का इंतजार कर रहे हैं।

गहलोत ने ‘बजट फाइल्स’ के पहले एपिसोड के जरिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से तीन सीधे सवाल भी पूछे। उन्होंने कहा कि दो साल में 45 लाख नल कनेक्शन देने का वादा था तो 15 लाख भी क्यों नहीं दिए जा सके? घोषणा पत्र में 2025 तक हर घर नल का वादा किया गया था, अब यह कब तक पूरा होगा? साथ ही ठेकेदारों का रुका भुगतान कब तक किया जाएगा, ताकि बंद पड़े काम दोबारा शुरू हो सकें?

गहलोत ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बजट महज आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि जनता से किया गया वादा होता है। ऐसे में ‘बजट फाइल्स’ के जरिए वे हर शनिवार सरकार की किसी बड़ी घोषणा का हिसाब जनता के सामने रखने की तैयारी में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित