वन शहीद दिवस पर वीर वनकर्मियों को दी श्रद्धांजलि
जयपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। वन शहीद दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जयपुर स्थित शहीद वन कर्मी उद्यान में वन शहीद दिवस मनाया गया। इस दौरान वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण के दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वनकर्मियों को श्रद्धापूर्वक याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक अरुण प्रसाद, मुख्य वन संरक्षक एन. विजय, मुख्य वन संरक्षक अनूप कुमार आर, वन संरक्षक बिजोय जॉय और उप वन संरक्षक डॉ. आशीष व्यास सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों और वनकर्मियों ने वन शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर वीर वनकर्मियों को नमन किया।
इस अवसर पर अरुण प्रसाद ने कहा कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण का दायित्व कई बार चुनौतीपूर्ण और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने की अपेक्षा रखता है। कर्तव्य के प्रति निष्ठा रखते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वनकर्मी विभाग की गौरवशाली परंपरा के प्रतीक हैं। उनका त्याग और समर्पण भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उप वन संरक्षक डॉ. आशीष व्यास ने कहा कि वन शहीदों का बलिदान राजस्थान वन विभाग की अमूल्य धरोहर है, जिसे सदैव सम्मान और कृतज्ञता के साथ स्मरण किया जाएगा। कार्यक्रम में वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता की सुरक्षा के लिए समन्वित एवं प्रभावी प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश