सैनिक स्कूल में आईपीएससी अंडर-14 फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज

 


चित्तौड़गढ़, 11 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय आईपीएससी (इंडियन पब्लिक स्कूल्स कॉन्फ्रेंस) फुटबॉल टूर्नामेंट अंडर-14 बालक वर्ग का भव्य शुभारंभ सोमवार को सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में हुआ। देश भर के 14 प्रतिष्ठित विद्यालयों के युवा फुटबॉल खिलाड़ी इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दमखम दिखा रहे हैं।

सैनिक स्कूल में सोमवार को उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी रहे। उन्होंने स्कूल स्पोर्ट्स कैप्टेन कैडेट नरेंद्र के नेतृत्व में आयोजित मार्च पास्ट की सलामी ली और प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यवाहक प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव, प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार, सीनियर मास्टर ओंकार सिंह एवं प्रतियोगिता संयोजक चंद्रप्रकाश गोयल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

इस दौरान मुख्य अतिथि त्रिपाठी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक दक्षता नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना विकसित करने का सशक्त मंच हैं। आईपीएससी जैसे आयोजन विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर देते हैं। उद्घाटन पर स्कूल स्पोर्ट्स कैप्टेन ने सभी खिलाड़ियों को निष्पक्षता व सच्ची खेल भावना की शपथ दिलाई।

इधर, सैनिक स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि प्रतियोगिता में मेयो कॉलेज अजमेर, डीपीएस आर के पुरम नई दिल्ली, बिरला पब्लिक स्कूल पिलानी, द लॉरेंस स्कूल, एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल इंदौर, पाइन ग्रोव स्कूल सोलन, द संस्कार वैली स्कूल भोपाल, मॉडर्न स्कूल नई दिल्ली, जेनेसिस ग्लोबल पब्लिक स्कूल नोएडा, मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स राय, हैदराबाद पब्लिक स्कूल बेगमपेट, ताशी नामग्याल अकादमी गंगटोक, द मान स्कूल नई दिल्ली एवं मेजबान सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की टीमें भाग ले रही हैं।

सोमवार को हुए उद्घाटन मैचों में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ ने हैदराबाद पब्लिक स्कूल बेगमपेट को 5-0 से हराया। डीपीएस आरके पुरम नई दिल्ली ने पाइन ग्रोव स्कूल सोलन को 5-0 से और मॉडर्न स्कूल नई दिल्ली ने मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स राय को 5-0 से मात दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल