रेस्टोरेंट-फूड स्टॉल्स पर खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए यूज्ड ऑयल के नमूने

 




जयपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। शुद्ध आहार मिलावट पर अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रताप नगर स्थित हल्दीघाटी गेट चौपाटी के रेस्टोरेंट और करीब 20 फूड स्टॉल्स का सघन निरीक्षण किया। कार्रवाई में केएफसी और बर्गर फार्म में खाद्य सामग्री के रखरखाव, तेल और स्वच्छता संबंधी कमियां मिलीं। टीम ने दोनों संस्थानों से इस्तेमाल किए जा रहे खाद्य तेल के नमूने जांच के लिए लिए, जबकि खराब पाई गई कटी सब्जियों को मौके पर नष्ट करवाया गया।

सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि केएफसी के निरीक्षण में नॉनवेज खाद्य पदार्थों का उचित तापमान पर रखरखाव नहीं मिला। खुली प्लास्टिक थैलियों में रखे नॉनवेज खाद्य पदार्थों से दुर्गंध भी पाई गई। नॉनवेज तैयार करने वाले ओवन में काफी समय से जला हुआ खाद्य पदार्थ चिपका मिला। मेयोनीज और सॉस की बोतलों पर लेबलिंग नहीं थी तथा फूड लाइसेंस भी प्रदर्शित नहीं मिला। इन कमियों पर संस्थान को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा। फ्रेंच फ्राइज आदि बनाने में इस्तेमाल हो रहे रिफाइंड पामोलीन तेल की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर उसका नमूना लिया गया। यहां खाद्य तेल को बिना जांचे लंबे समय तक इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। डीप फ्रीजर और कोल्ड स्टोरेज का तापमान भी नियमानुसार नियंत्रित नहीं मिला। करीब सात दिन पहले काटकर पैक की गई पत्ता गोभी और प्याज दूषित पाए गए, जिन्हें मौके पर नष्ट करवाया गया। खाद्य तेल का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।

टीम ने हल्दीघाटी चौपाटी के करीब 20 फूड स्टॉल्स का भी निरीक्षण किया। संचालकों को खाद्य पदार्थ ढककर रखने, गुणवत्तापूर्ण सामग्री इस्तेमाल करने, पनीर टिक्का व मोमोज आदि में खाद्य रंग का उपयोग नहीं करने, फूड लाइसेंस प्रदर्शित करने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, मुकेश कुमार, निधी, बबीता बडगूजर, केपी भारद्वाज, ओमाशंकर और रिमिका माथुर शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश