राजस्थान में अस्पतालों के आसपास खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष जांच, एक्सपायरी सामग्री नष्ट
जयपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय ने सोमवार को 14 से अधिक जिलों में अस्पतालों के अंदर और आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। 24 से 30 सितंबर तक चल रहे विशेष निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान के तहत खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए तथा एक्सपायरी और अनुपयोगी खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा अविचल चतुर्वेदी ने बताया कि चूरू, राजसमंद, भीलवाड़ा, बूंदी, श्रीगंगानगर, नागौर, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, टोंक, जैसलमेर, डीडवाना-कुचामन, झुंझुनूं, जालोर और ब्यावर समेत विभिन्न जिलों में अस्पतालों के आसपास कैंटीन, होटल, भोजनालय, किराना एवं डेयरी स्टोर, ढाबे और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
चूरू के राजगढ़ में मेहता मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के पास सरस बूथ संख्या 220 पर कुछ एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। बिदासर स्थित गोवर्धन प्रसाद टाटिया राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने भी निरीक्षण और नमूनीकरण किया गया। यहां अचार मसाला, अमचूर पाउडर, अनारदाना, मिक्स अचार, सेंधा नमक और दलिया समेत विभिन्न सामग्री नष्ट कराई गई।
राजसमंद में शर्मा हॉस्पिटल के आसपास निरीक्षण और नमूनीकरण के दौरान एक्सपायरी वनस्पति नष्ट कराई गई। भीलवाड़ा में महात्मा गांधी अस्पताल, बहेटी चिल्ड्रन हॉस्पिटल के आसपास और भीलवाड़ा रोड के ढाबों का निरीक्षण किया गया। बूंदी में जनाना अस्पताल और गोविंद गुप्ता चाइल्ड एवं मैटरनिटी होम के आसपास खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
श्रीगंगानगर में बहल हॉस्पिटल के आसपास निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। नागौर में लाइफलाइन हॉस्पिटल के पास वासुदेव होटल एंड रेस्टोरेंट की जांच में व्यक्तिगत स्वच्छता और खाद्य निर्माण क्षेत्र की साफ-सफाई में कमियां मिलीं। रसगुल्लों में चींटियां पाए जाने पर उन्हें मौके पर नष्ट कराया गया और सुधार के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस प्रस्तावित किया गया।
प्रतापगढ़ के धरियावद में राजकीय अस्पताल के बाहर, टोंक के मालपुरा में जिला अस्पताल एवं रेखा देवी मेमोरियल हॉस्पिटल के आसपास और जैसलमेर में गड़ीसर चौराहा स्थित बेबी केयर क्लिनिक के पास किराना एवं डेयरी स्टोर की जांच की गई। जैसलमेर में एक्सपायरी खाद्य उत्पाद नष्ट कराए गए।
डीडवाना-कुचामन के कुचामन सिटी में राजकीय अस्पताल, महादेव हॉस्पिटल और अभिनव हॉस्पिटल के आसपास नमूनीकरण एवं निरीक्षण किया गया। झुंझुनूं में काजला, धन्वंतरि और पूनिया हॉस्पिटल के आसपास खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। जालोर के भीनमाल में भूपेंद्र हॉस्पिटल कैंटीन, नाहर हॉस्पिटल कैंटीन और भीनमाल हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया। कोटपूतली-बहरोड़ में राजकीय अस्पताल पाओटा के पास अशोका भोजनालय और ब्यावर में जय क्लिनिक मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल का निरीक्षण एवं नमूनीकरण किया गया।
आयुक्तालय के अनुसार अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था, खाद्य संचालकों की व्यक्तिगत स्वच्छता और परिसर की साफ-सफाई के साथ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों की पालना जांची जा रही है। आवश्यकता के अनुसार नमूने लिए जा रहे हैं और एक्सपायरी एवं अनुपयोगी खाद्य सामग्री को नियमानुसार नष्ट कराया जा रहा है।
विशेष निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान 30 सितंबर तक जारी रहेगा। इसका उद्देश्य अस्पतालों में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर