खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने राजापार्क के एग्जॉटिक मार्ट पर छापा मार किया 41 किलो नॉनवेज नष्ट
जयपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार एवं मिलावट पर वार’ अभियान के तहत राजधानी जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को राजापार्क स्थित एग्जॉटिक मार्ट पर निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान बिना उपयोग तिथि अंकित खाद्य सामग्री मिलने पर 41 किलो नॉनवेज आइटम्स मौके पर ही नष्ट करवाए गए तथा कई उत्पादों के नमूने जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि मिलावट के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह एवं संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा के सुपरविजन में केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
निरीक्षण के दौरान स्टोर में विभिन्न ग्रोसरी उत्पादों के साथ नॉनवेज खाद्य सामग्री के लिए अलग काउंटर संचालित पाया गया। नॉनवेज आइटम्स को डीप फ्रीजर में -18 डिग्री सेल्सियस पर रखा गया था, लेकिन डिस्प्ले काउंटर में रखे उत्पादों पर उपयोग की तिथि अंकित नहीं थी, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। टीम ने काउंटर में रखे मैरिनेटेड चिकन का नमूना लेकर कोल्ड चेन में सुरक्षित किया, जिसकी माइक्रोबायोलॉजिकल जांच कराई जाएगी। इसके अलावा ‘शान’ ब्रांड मीट मसाला और ‘एग्जॉटिक’ ब्रांड के आल्मंड फ्लेक्स का नमूना भी संदिग्ध गुणवत्ता और मिस ब्रांडिंग के शक में लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि स्टोर में कई उत्पादों पर उचित लेबलिंग का अभाव था। साथ ही, वहां कार्यरत फूड हैंडलर्स के मेडिकल सर्टिफिकेट, पानी की जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं मिले। विभाग ने इन कमियों के सुधार के लिए स्टोर संचालक को नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश