खाद्य मंत्री सुमित गाेदारा ने किया संवाद : जोड़बीड़ आवासीय योजना में मकान बनाने वाले पहले आवंटियों को मिलेंगी कई राहतें
बीकानेर, 07 नवंबर (हि.स.)। जोड़बीड़ आवासीय योजना में मकान बनाकर रहने वाले पहले 21 आवंटियों को बीकानेर विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 70 हजार रुपए निर्माण शुल्क (लेबर सेस के अलावा) की छूट दी जाएगी। साथ ही इन इक्कीस आवंटियों के घरों में 50 हजार रुपए की लागत से रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर का निर्माण भी बीडीए द्वारा ही करवाया जाएगा।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने शनिवार को जोड़बीड़ आवासीय योजना में आयोजित जनसुनवाई एवं संवाद कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। इस दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू, बीडीए उपायुक्त कुणाल राहड़, उप महापौर पंकज गहलोत, तेजा राम मेघवाल, अधिशासी अभियंता वंदना शर्मा, निदेशक (प्लानिंग) पुनीत शर्मा सहित अन्य अधिकारी और आवंटी मौजूद रहे।
इस दौरान गोदारा ने कहा कि स्थानीय बीडीए प्रशासन के लिए अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है। यहां लगभग 5600 भूखंड हैं। इन सभी भूखण्डों पर मकान बनने पर यह बहुत बड़ी आवासीय योजना का रूप ले लेगी। उन्होंने कहा कि इस आवासीय योजना का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें धन और संसाधनों की किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
बीडीए आयुक्त ने बताया कि कॉलोनी के ब्लॉक्स के डिमार्केशन का कार्य किया जा रहा है। कॉलोनी परिसर में सड़कों के लिए 9 करोड़ रुपए स्वीकृत करते हुए कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। खाद्य मंत्री ने कहा कि जो आवंटी, अपने प्लॉट्स पर आवास बनाना चाहते हैं, वे इसके लिए अप्लाई करें, आवेदन के दस दिन में बीडीए द्वारा आवेदकों के प्लॉट्स का डिमार्केशन कर दिया जाएगा। उन्होंने प्रत्येक ब्लॉक के कॉर्नर प्लॉट्स का डिमार्केशन प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्देशों की नियमित समीक्षा की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव