कैला देवी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालु कर रहे दर्शन
कराैली, 22 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रसिद्ध कैलादेवी लख्खी मेले में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। देशभर से लाखों भक्त शक्ति धाम पहुंच कर मां कैलादेवी के दर्शन कर रहे हैं और सुख-समृद्धि की कामना के साथ धोक लगा रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिल रहा है।
रविवार होने के कारण सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। दिनभर मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं और देर रात तक दर्शन का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालु माता की ‘जात’ कर अपनी मनोकामनाएं मांग रहे हैं, जिससे मेले का धार्मिक महत्व और भी बढ़ गया है।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया है, जहां निशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है। इससे दूर-दराज से आए यात्रियों को बड़ी राहत मिल रही है।
इस बार मेले की सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया गया है। पहली बार एटीएस को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मेले में 33 ईआरटी कमांडो तैनात किए गए हैं, जो 24 घंटे निगरानी रख रहे हैं। ये कमांडो भरतपुर से बुलाए गए हैं। कैलादेवी ट्रस्ट के प्रबंधक विवेक द्विवेदी के अनुसार श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रोडवेज ने विशेष इंतजाम किए हैं। 300 से अधिक बसें संचालित की जा रही हैं और हर 15 मिनट में बस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। यात्रियों को किराए में 50 प्रतिशत तक की छूट भी दी गई है। हिंडौन से कैलादेवी तक बस किराया मात्र 40 रुपए रखा गया है, जिससे श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिल रही है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नौ अस्थायी बस स्टैंड भी बनाए गए हैं। प्रशासन द्वारा किए गए इन व्यापक इंतजामों के चलते श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मेले में पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं। लाखों श्रद्धालु मां के चरणों में शीश नवाकर अपनी मनोकामनाएं मांग रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित