5 साल बनाम 34 माह: विकास के हर क्षेत्र में भजनलाल सरकार ने कांग्रेस को पीछे छोड़ा : मदन राठौड़
जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष और वर्तमान भजनलाल सरकार के 34 माह के कार्यकाल की तुलना करते हुए दावा किया कि विकास के लगभग हर क्षेत्र में मौजूदा सरकार ने अधिक काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता विकास कार्यों पर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल का रिकॉर्ड देखें। भाजपा सरकार ने 34 माह में कई क्षेत्रों में दोगुने से लेकर चार गुना तक काम किए हैं।
राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं की बहस की चुनौती पर कहा कि चर्चा करनी है तो आंकड़ों के आधार पर विधानसभा में करें। मीडिया के सामने भी सरकारों के कामकाज की तुलना तथ्यों के साथ होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों के विभागवार आंकड़े सार्वजनिक हैं। कांग्रेस नेताओं को बताना चाहिए कि उन्होंने पांच वर्षों में गांवों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और आमजन के लिए क्या ठोस काम किए।
राठौड़ ने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विकास में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 52,182 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित की, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 1.42 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा से जोड़ा। पाइपलाइन अनुदान योजना में कांग्रेस शासन के दौरान 91,582 किसानों को लाभ मिला, जबकि वर्तमान सरकार ने 98,753 किसानों को लाभान्वित किया।
खेत तलाई निर्माण में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 29,430 कार्य करवाए, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 35,893 कार्य करवाए। फार्म पॉन्ड निर्माण पर कांग्रेस ने 202 करोड़ रुपए अनुदान दिया, जबकि वर्तमान सरकार ने 369 करोड़ रुपए दिए। खेतों की तारबंदी में कांग्रेस शासन के दौरान 113 लाख मीटर कार्य हुआ, जबकि भाजपा सरकार ने 445 लाख मीटर तारबंदी करवाई। इसके लिए अनुदान राशि भी 113 करोड़ से बढ़ाकर 511 करोड़ रुपए की गई।
ड्रिप और मिनी स्प्रिंकलर संयंत्रों के माध्यम से कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 1.83 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को कवर किया, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 3.10 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सुविधा उपलब्ध करवाई। इस पर अनुदान राशि 842 करोड़ से बढ़ाकर 1304 करोड़ रुपए की गई। शेडनेट हाउस निर्माण में भी कांग्रेस के 8.60 लाख वर्गमीटर की तुलना में वर्तमान सरकार ने 10.91 लाख वर्गमीटर का कार्य करवाया। सोलर पंप सेट स्थापना में कांग्रेस के पांच वर्ष के 63,140 पंपों के मुकाबले भाजपा सरकार ने 34 माह में 67,408 पंप स्थापित किए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में स्कूली विद्यार्थियों को एक भी लैपटॉप या टैबलेट वितरित नहीं किया गया, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 88,724 विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए। महाविद्यालय भवन निर्माण में कांग्रेस के 57 भवनों के मुकाबले भाजपा सरकार ने 229 भवनों का निर्माण करवाया। पॉलिटेक्निक कॉलेजों के मामले में कांग्रेस के पांच कॉलेजों की तुलना में वर्तमान सरकार ने 21 कॉलेजों का कार्य किया। संस्कृत महाविद्यालयों में भी कांग्रेस के तीन के मुकाबले भाजपा सरकार ने 17 महाविद्यालयों का कार्य किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 77,950 नई स्वीकृतियां जारी कीं, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 1.25 लाख स्वीकृतियां जारी की हैं। सड़क निर्माण में कांग्रेस शासन के दौरान 13,160 किलोमीटर नई सड़कें बनीं, जबकि वर्तमान सरकार ने 18,917 किलोमीटर सड़कें बनवाईं। गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ने में कांग्रेस ने 1,104 गांवों को जोड़ा, जबकि भाजपा सरकार ने 1,707 गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा। मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण में भी कांग्रेस के 6,614 किलोमीटर के मुकाबले भाजपा सरकार ने 10,030 किलोमीटर सड़कें बनाई हैं।
राठौड़ ने कहा कि बिजली उत्पादन क्षमता में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 3,952 मेगावाट की वृद्धि की, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में 10,920 मेगावाट की क्षमता बढ़ाई। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में कांग्रेस शासन के दौरान 15 हजार मेगावाट क्षमता विकसित हुई, जबकि भाजपा सरकार ने 28,303 मेगावाट क्षमता विकसित की। 400 केवी के सब स्टेशन निर्माण में कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में एक सब स्टेशन बनाया, जबकि वर्तमान सरकार ने 34 माह में दो सब स्टेशन बनाए।
जल स्वावलंबन अभियान के तहत कांग्रेस सरकार ने पांच वर्ष में 1,233 करोड़ रुपए खर्च किए, जबकि भाजपा सरकार ने 34 माह में 2,135 करोड़ रुपए खर्च किए।
जल जीवन मिशन को लेकर कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर राठौड़ ने कहा कि केंद्र सरकार से पर्याप्त सहयोग मिलने के बावजूद पूर्ववर्ती गहलोत सरकार अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाई। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल में मिशन में अनियमितताओं के आरोपों और तत्कालीन मंत्री एवं अधिकारियों के खिलाफ हुई कानूनी कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।
भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे पर राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में 19 पेपर लीक की घटनाएं हुईं, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसी स्थिति नहीं बनी। आरपीएससी से जुड़े मामलों में भी तत्कालीन व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे और कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पांच वर्ष के कार्यकाल में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच राजनीतिक खींचतान बनी रही, जिससे विकास कार्य प्रभावित हुए। इसके विपरीत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार आपसी समन्वय के साथ प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के माध्यम से अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और राजस्थान को विकसित प्रदेश बनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश